पांचना बांध से पानी निकासी को लेकर निकला समाधान!

अवनीश पाराशर, करौली।

करौली के पांचना बांध से कमांड एरिया मे पानी छोडने को लेकर दो समाजों मे बनी रार बुधवार शाम को कृषि मंत्री और गृहराज्य मंत्री की समझाईश के बाद समाप्त हो गई। दोनो मंत्रियों ने अलग अलग जगहों पर बैठें दोनों समाजों के लोगों और पदाधिकारियों के बीच जलसंसाधन मंत्री के साथ प्रतिनिधिमंडल की वार्ता कराकर शीघ्र समस्या समाधान कराने का भरोसा दिया।

जिसके बाद दोनो पक्षों के किसानों ने धरना समाप्त करने की घोषणा की। गंगापुर सिटी के खंडीप गांव मे 20 दिन से चल रहे धरने मे कृषि मंत्री डाक्टर किरोडीलाल मीना पहुंचे और उन्होंने किसानों को सम्बोधित करते हुए कहा की पांचना बांध की नहरों में सिंचाई के लिए पानी छोड़े जाने के संबंध में पिछले लगभग 20 वर्षों से गतिरोध की स्थिति बनी हुई थी। इस विषय में न्यायालय द्वारा समय-समय पर नहरों में पानी छोड़ने के आदेश भी दिए गए, किंतु पूर्ववर्ती सरकारें इन आदेशों को प्रभावी रूप से लागू नहीं कर सकीं, जिसके कारण यह विवाद लगातार बना रहा। हाल ही में राजस्थान उच्च न्यायालय ने पुनः पांचना बांध की नहरों में सिंचाई के लिए पानी छोड़े जाने का आदेश दिया।

न्यायालय के इस निर्णय की पूर्ण पालना सुनिश्चित करने की मांग को लेकर खण्डीप गांव में पिछले 20 दिनों से किसान महापड़ाव आयोजित किया जा रहा था। आज खण्डीप में चल रहे इस किसान महापड़ाव में शामिल होकर किसानों से संवाद किया तथा लंबे समय से चले आ रहे इस गतिरोध को समाप्त करने और क्षेत्र में सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की दिशा में आवश्यक पहल की। इस अवसर पर आंदोलनरत किसानों के समक्ष एक सप्ताह के भीतर कमांड एरिया की नहरों में पानी छोड़े जाने का संकल्प व्यक्त किया। उन्होंने बताया की पानी और अन्य प्राकृतिक संसाधनों पर सभी नागरिकों का समान अधिकार है। न्यायालय के निर्णयों का सम्मान करना हम सभी का संवैधानिक एवं नागरिक दायित्व है। प्रदेश सरकार किसानों के हितों की रक्षा एवं उनके सर्वांगीण विकास के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

सरकार का सतत प्रयास है कि प्रदेश का किसान समृद्ध और आत्मनिर्भर बने तथा क्षेत्र में सामाजिक सौहार्द, आपसी भाईचारा और सद्भाव का वातावरण निरंतर सुदृढ़ बना रहे। इधर पांचना बांध पर पहुंचे मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने बताया की तीन दिन से लगातार किसानों से समझाईश की जा रही थी। अधिकारियों द्वारा भी दोनों पक्षों को बैठाकर मैराथन बैठक आयोजित की गई। और किसानों के बीच पहुंचकर उनको भरोसा दिया की जो भी पांचना बांध और लिफ्ट को लेकर समस्या है। उसको जलसंसाधन मंत्री के समक्ष रखकर पुरा कराया जायेगा जिसके बाद किसानों ने धरना समाप्त करने की घोषणा की। इस दौरान जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा एसपी लोकेश सोनवाल सहित अन्य अधिकारी जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *