जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट। 

जयपुर में आयोजित ब्राह्मण महासंगम में एक बार फिर से समाज को 14 प्रतिशत आरक्षण देने की मांग उठी है। 10 मांगों के लेकर यह महासंगम किया गया। इसमें बॉलीवुड सेलिब्रिटी से लेकर राजनीतिक और सामजिक क्षेत्रों से जुड़े 8 देशों के लोग पहुंचे हैं। महासंगम में कैबिनेट मंत्री महेश जोशी और जयपुर सांसद रामचरण बोहरा के खिलाफ नारेबाजी भी हुई।

बीडी कल्ला बोले- केंद्र सरकार ब्राह्मणों का आरक्षण रोक रही

रामनिवास बाग में हो रहे कार्यक्रम में राजस्थान के शिक्षा मंत्री बीडी कल्ला ने कहा कि केंद्र सरकार ब्राह्मणों को दिए गए आरक्षण को रोक रही है। राजस्थान की सरकार ने ब्राह्मणों को 14% आरक्षण दे दिया है। जबकि केंद्र की सरकार ने ब्राह्मणों को सिर्फ 10% तक ही आरक्षण दिया है। वहीं, खादी आयोग के अध्यक्ष बृज किशोर शर्मा ने कहा- देश में ब्राह्मणों की स्थिति पहले के मुकाबले काफी कमतर हो चुकी है। महासंगम में मंत्री महेश जोशी, बीजेपी सासंद रामचरण बोहरा, कर्मचारी चयन बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष हरिप्रसाद शर्मा भी पहुंचे।

भंडारकर बोले- यहां आकर खुशी हो रही

महासंगम में बॉलीवुड डायरेक्टर मधुर भंडारकर ने कहा- इतनी बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के लोग यहां पहुंचे हैं। यह देखकर मुझे काफी खुशी हो रही है। मैने अब तक बॉलीवुड में अलग सब्जेक्ट्स पर फिल्म बनाई हैं। जिन्हें क्रिटिक्स के साथ आम जनता ने भी काफी पसंद किया है। आप सब का प्यार मुझे अब तक मिलता आया है। उम्मीद करूंगा कि आगे भी इसी तरह मिलता रहे ,जय परशुराम।

इससे पहले सर्व ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित सुरेश मिश्रा ने बताया- पिछले लंबे वक्त से ब्राह्मण समाज अपनी मांगों के लिए संघर्ष कर रहा है। प्रदेश में एक करोड़ से ज्यादा की आबादी होने के बावजूद ब्राह्मणों को उनके हक का प्रतिनिधित्व अब तक नहीं मिल पाया है। ऐसे में आज न सिर्फ राजस्थान बल्कि यूके, अमेरिका, यूएई, दुबई, इटली, कनाडा, नेपाल, सिंगापुर से भी लोग पहुंचे हैं।

जयपुर सांसद बोलने लगे तो नारेबाजी

जयपुर सांसद रामचरण बोहरा का संबोधन शुरू होने के साथ ही विरोध हुआ। लोग सांसद के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। इसे रोकने के लिए बोहरा ने भी आग्रह किया, लेकिन जब भीड़ नहीं मानी तो बोहरा अपना संबोधन रोक भीड़ से पूछने लगे अगर आप लोगों को पसंद नहीं तो मैं नहीं बोलूं। इसके बाद महेश जोशी ने समझाइश करते हुए कहा कि ये राजनीतिक नहीं सामाजिक कार्यक्रम है। दरसअल, कार्यक्रम में नितिन गडकरी को भी बुलाया गया था, लेकिन वे नहीं आ सके। इस कारण लोगों में नाराजगी दिखी। वहीं, मंत्री महेश जोशी के भाषण के दौरान भी नारेबाजी हुई।

महासंगम की प्रमुख मांगें

  • आर्थिक आधार पर 14 प्रतिशत आरक्षण दिया जाए।
  • भगवान परशुराम विश्वविद्यालय की स्थापना की जाए।
  • भगवान परशुराम जी की 111 फीट प्रतिमा की स्थापना की जाए।
  • राजस्थान के प्रत्येक जिले में गुरुकुल की स्थापना कर वैदिक संस्कृति को बढ़ाया जाए।
  • ईडब्ल्यूएस आरक्षण में हो रही विसंगतियों को दूर किया जाए।
  • ब्राह्मण आरक्षण आंदोलन के समय लगाए गए मुकदमें वापिस लिए जाएं।
  • पुजारी प्रोटेक्शन बिल पारित किया जाए।
  • ब्राह्मण बालिकाओं के लिए हर जिले में छात्रावास की स्थापना की जाए।
  • ब्राह्मणों को प्रमुख दल कम से कम 35 टिकट विधानसभा में और लोकसभा में कम से कम 5 टिकट दिए जाएं।
  • ईडब्ल्यूएस आरक्षण में आय सीमा 8 लाख की जगह 12 लाख की जाए।