कोटा ब्यूरो रिपोर्ट। 

कांग्रेस निर्वाचन कमेटी के सदस्य व मंत्री गोविंद राम मेघवाल शनिवार को कोटा पहुंचे। यहां उन्होंने कांग्रेस कार्यालय में देहात कार्यकर्ताओं की बैठक ली। इसके बाद उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जन्म से लेकर मरण तक की योजनाएं दे दी। इससे आने वाले समय में जनता को भारी लाभ होगा। कांग्रेस आज केवल राज की लड़ाई नहीं लड़ रही है। कांग्रेस नेताओं को चाहे जेल में जाना पड़े, चाहे खून बहाना पड़े लेकिन हम यह कहते हैं कि राहुल गांधी का जहां पसीना बहेगा, वहां कांग्रेस का कार्यकर्ता खून बहाने के लिए तैयार रहेगा। हम आजादी को जिंदा रखेंगे। चाहे हमें कुछ भी बलिदान देना पड़े। इस देश में संविधान, डेमोक्रेसी है। प्रजातंत्र जिंदा रहेगा तो आम आदमी जिंदा रहेगा और उसके अधिकार सुरक्षित रहेंगे।

मंत्री मेघवाल ने गुमानपुरा स्थित कांग्रेस कार्यालय में प्रेसवार्ता की। उन्होंने कहा कि प्रत्याशी के चयन में उम्र की कोई सीमा नहीं।जिताऊ, टिकाऊ,पार्टी के प्रति वफादार हो उसे ही टिकट मिलेगा। बैठक के दौरान आवेदन करने वाले नेताओं के समर्थक नारे लगाते रहे। मंत्री मेघवाल ने कोटा के विकास की तारीफ करते हुए कहा कि कोटा में रिकॉर्ड तोड़ विकास हुआ है।

मंत्री मेघवाल ने केंद्र सरकार व बीजेपी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने देश को आजादी दिलाई। देश में संविधान लागू किया। गरीब व अमीर को वोट देने का अधिकार दिया। मोदी और अमित शाह केवल दो आदमी (अडानी व अंबानी) के लिए काम कर रहे हैं। आरएसएस ने आजादी में नाखून तक नहीं कटवाया। नरेंद्र मोदी देश के पहले ऐसे प्रधानमंत्री जो सबसे ज्यादा झूठ बोलते हैं, सबसे ज्यादा भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। इन्होंने संवैधानिक संस्थाओं पर आरएसएस के लोगों को बिठा दिया है। इस कारण हमारी संस्थाएं भी स्वतंत्र नहीं हैं। मोदी ने 9 साल में एक बार भी मीडिया के सामने आकर बोलने की हिम्मत नहीं की।

भाजपा की होने वाली चार यात्राओं पर कटाक्ष करते हुए एआईसीसी सचिव जुबेर खान ने कहा कि बीजेपी में बाहर के लोग आकर राजस्थान में यात्राएं निकालेंगे। राजस्थान में कोई ऐसी मां नहीं है, जिसने ऐसा आदमी जना हो जो इनकी यात्रा लेकर निकले। बीजेपी, राजस्थान का अपमान कर रही है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की योजनाओं को लेकर आमजन में चर्चाएं हैं। कांग्रेस की अच्छे बहुमत से दोबारा सरकार बनेगी। बीजेपी ने एक पैसा गो माता को नहीं दिया। कांग्रेस राज में गोशालाओं में पैसा दिया जा रहा है। गाय-भैंसों का बीमा करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमारे नेता भगवान राम को आत्मा से मानते हैं। आरएसएस का गोली भी मारता है तो 'हे राम' कहते हैं। जबकि ये लोग मुंह में राम बगल में छुरी रखने वाले हैं। इनको झूठ बोलने की ट्रेनिंग दी जाती है।