जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट। 

भीलवाड़ा में नाबालिग से गैंगरेप और हत्या मामले में विरोध कर रहे BJP युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं पर जयपुर में पुलिस ने लाठीचार्ज किया। कार्यकर्ता सीएम आवास (CMR) की ओर बढ़ रहे थे। बैरिकेड लगाकर कार्यकर्ताओं को रोकने की कोशिश की जा रही थी। कार्यकर्ता नहीं मानें और बैरिकेड कूदने लगे। पुलिस ने लाठीचार्ज कर कार्यकर्ताओं को खदेड़ा। इस दौरान पुलिस ने युवा मोर्चा के अध्यक्ष अंकित चेची सहित कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है।

बीजेपी युवा मोर्चा कार्यकर्ता सुबह 11 बजे बीजेपी मुख्यालय पर एकत्रित हुए थे। युवा मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष अंकित चेची का शपथ ग्रहण समारोह हुआ। 11:45 बजे कार्यकर्ता सीएमआर की ओर बढ़े। 11:55 के आसपास सिविल लाइन फाटक क्रॉस करके आगे बढ़े। बैरिकेड लगाकर पुलिस ने इन्हें रोकने की कोशिश की। दोपहर करीब 12 बजे पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। 12:30 बजे सभी कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर पुलिस सोडाला थाने ले आई। कार्यकर्ताओं ने यहां भी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। 1:30 बजे सभी कार्यकर्ताओं को विद्याधर नगर थाने ले जाया गया, जहां पर सभी को पुलिस ने हिरासत में ले रखा है।

अध्यक्ष ने आज ही किया पदभार ग्रहण

बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने शनिवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में चेची को पदभार ग्रहण करवाया। पदभार ग्रहण करने के बाद अचानक युवा मोर्चा ने सीएमआर घेराव का कार्यक्रम बना लिया। मोर्चे के पास प्रशासन से इसकी अनुमति नहीं थी। भाजपा युवा मोर्चा नेता विक्रम सिंह शेखावत गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उनकी नाक टूट गई है।

सरकार युवाओं की आवाज दबा नहीं पाएगी

नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ ने ट्वीट करते हुए लिखा है- भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष अंकित चेची एवं कार्यकर्ताओं पर पुलिस द्वारा बर्बर लाठीचार्ज कर उन्हें हिरासत में लेना युवाओं की आवाज को दबाने का कुत्सित प्रयास है। मैं इसकी कड़े शब्दों में निंदा करता हूं। कांग्रेस सरकार चाहे कितनी भी कोशिश कर ले। युवाओं की आवाज को दबा नहीं पाएगी। युवाओं पर लाठीचार्ज नहीं सहेगा राजस्थान।

भाजपा युवा मोर्चा पर लाठीचार्ज को लेकर सांसद राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने भी ट्वीट किया। उन्होंने लिखा है- भाजपा युवा मोर्चा पर पुलिस द्वारा बर्बर लाठीचार्ज किया गया। अपराधी अपराध करके खुले में घूम रहे हैं और युवाओं पर इतना भयानक लाठीचार्ज। यह कुकृत्य अत्यंत निंदनीय है। युवाओं पर लाठीचार्ज नहीं सहेगा राजस्थान।