जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट। 

सीएम अशोक गहलोत ने 2030 तक के लिए राजस्थान को विकसित राज्यों में टॉप पर जगह बनाने का नारा दिया है। सीएम अशोक गहलोत ने आज मिशन-2030 की लॉन्चिंग की है। राज्य सरकार इस मिशन पर एक करोड़ लोगों से सुझाव लेगी। इन सुझावों के आधार पर ‘विजन-2030 डॉक्यूमेंट‘ तैयार कर उसे सार्वजनिक किया जाएगा।

मिशन- 2030 में हर क्षेत्र के लिए सेक्टर वाइज टारगेट तय किए जाएंगे। पहले विजन डॉक्यूमेंट तैयार होगा। इसमें सभी एक्सपर्ट, स्टेक होल्डर्स, युवाओं और समाज के सभी वर्गों से सुझाव लिए जाएंगे।

सीएम ने मिशन 2030 पर सुझाव के लिए पोर्टल लॉन्च किया
मिशन-2030 के लिए अलग से पोर्टल लॉन्च किया गया है। आम लोग mission2030.rajasthan.gov.in पर सुझाव दे सकते हैं। दो महीने तक इस पोर्टल पर सुझाव लिए जाएंगे।

​हर विभाग का विजन डॉक्यूमेंट बनेगा, टारगेट तय होंगे
पहले मिशन-2030 के लिए अलग अलग सरकारी विभागों के विजन डॉक्यूमेंट तैयार करके उनके टारगेट तय किए जांगे। पहले सभी विभाग विभागीय मिशन-2030 तैयार करेंगे, इसके बाद राजस्थान का मिशन 2030 दस्तावेज जारी किया जाएगा। सभी सेक्टरों की कार्ययोजना बनाकर काम शुरू किया जाएगा।

2030 तक 10 गुणा ग्रोथ का टारगेट
सीएम अशोक गहलोत ने कहा कि मैं 50 साल से राजनीति कर रहा हूं। मैंने जब राजनीति की शुरुआत की तब कई जिला मुख्यालय ऐसे थे जहां आंधी चलती थी, लगता ही नहीं था कि जिला मुख्यालय हैं। यहां अकाल सूखे के अलावा कोई बात ही नहीं होती थी। आज पूरी दुनिया ग्लोबल वार्मिंग की बात कर रही है, इंदिरा गांधी पहली पीएम थी जो पर्यावरण के मुद्दों पर चिंता करती थी। आज राजस्थान कई क्षेत्रों में नंबर वन बन गया है। अब हमें 2030 तक 10 गुणा ग्रोथ करके देश मेंअग्रणी राज्यों में नंबर वन बनना है।

हमारे डॉक्टर किसी से कम नहीं, मैंने एसएमएस में हार्ट में स्टंट लगवाया: गहलोत
सीएम ने कहा कि राजस्थान की मेडिकल सुविधाएं देश में अव्वल हैं। हमारे डॉक्टर शानदार हैं। मैंने अपना स्टंट एसएमएस अस्पताल में लगवाया, यहां के डॉक्टर किसी से कम नहीं है।

राजस्थान से जाओ तो पता लग जाता है गुजरात आ गया
गहलोत ने कहा- पहले गुजरात से राजस्थान आते थे तो गाड़ी में नींद खुल जाती थी, तो समझो राजस्थान आ गया है। अब उल्टा हो गया है। अब राजस्थान से जाओ तो पता लग जाता है कि गुजरात आ गया। राजस्थान सड़कों में गुजरात से अच्छा हो गया है।