उदयपुर ब्यूरो रिपोर्ट। 

भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष और चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी ने कहा है कि राज्य सरकार ने युवाओं के साथ अन्याय किया है। छात्रसंघ चुनाव को लेकर तालाबानी आदेश सुना दिया। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को इस बात का डर सता रहा है कि कॉलेज चुनाव में कांग्रेस जीरो में सिमट जाएगी। जो पाप किया है वह तो भुगतना ही पड़ेगा।

प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी यहां विधानसभा तिरंगा रैली के कार्यक्रम में भाग लेने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस की सरकार पर आरोप लगाया कि सरकार ने लगातार युवाओं का भविष्य बर्बाद करने का पाप किया है। इसके लिए युवा भी कमर कस के बैठे हैं।

पिछले छात्रसंघ चुनाव में भी जीती नहीं कांग्रेस, इस बार भी हारेगी

उन्होंने कहा कि अब तो मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने तालिबानी आदेश जारी कर दिया कि इस साल छात्र संघ चुनाव नहीं होंगे। आखिर किस बात का डर है मुख्यमंत्री को। जो पाप किया है वह तो भुगतना ही पड़ेगा। कांग्रेस सरकार को इस बात का डर सता रहा है कि इस बार उनकी पार्टी सिर्फ जीरो में ही सिमट कर रह जाएगी। पिछले साल के छात्र संघ चुनाव में भी 10 यूनिवर्सिटी में से सात यूनिवर्सिटी में विद्यार्थी परिषद की जीत हुई है और तीन में निर्दलीय जीता है। एनएसयूआई को जीरो मिला था। इस बार भी उनके मन में यही डर है कि कोई भी उन्हें वोट नहीं करेगा। जो लोकतंत्र की बात करते हैं वही लोकतंत्र की हत्या करते हैं। हम सरकार से लगातार मांग कर रहे हैं कि छात्र सिंह चुनाव होने चाहिएं। अगर नहीं हुए तो युवा विधानसभा चुनाव में आपको हमेशा हमेशा के लिए विदाई दे देंगे।

विभाजन के पीछे का दंश लोगों को दिखेगा विभाजन विभीषिका में

घर-घर तिरंगा घर-घर तिरंगा अभियान को लेकर प्रदेशाध्यक्ष जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर पिछले साल घर-घर तिरंगा लहराया और इस साल भी उन्होंने आह्वान किया है। युवाओं में जोश और देशभक्ति का ज्वार देखते ही बन रहा है। हर तरफ उत्साह और उमंग दिखाई दे रहा है। इस प्रोग्राम में चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभान सिंह आक्या, जिलाध्यक्ष मिठ्ठुलाल जाट, भूमि विकास बैंक के चेयरमैन बद्रीलाल जाट, जिला उपाध्यक्ष रघु शर्मा, पूर्व युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष हर्षवर्धन रुद मौजूद रहे।