जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट। 

जयपुर नगर निगम हेरिटेज मेयर मुनेश गुर्जर की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। नगर निगम के पूर्व अतिरिक्त आयुक्त राजेंद्र वर्मा द्वारा दर्ज FIR का मामला खत्म भी नहीं हुआ था। अब उनके पति सुशील गुर्जर को एसीबी ने 2 लाख रुपए की रिश्वत मामले में गिरफ्तार कर लिया है। इसके बाद मेयर मुनेश गुर्जर की कुर्सी खतरे में आ गई है।

मंत्री खाचरियावास ने कहा- मुनेश गुर्जर के काम को लेकर मैं खुश नहीं था। मैंने विधायक रफीक खान और अमीन कागजी, तीनों ने कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और PCC चीफ गोविंद सिंह डोटासरा से कहा था। आप इन्हें बर्खास्त कर दीजिए। क्योंकि मैं करप्शन बर्दाश्त नहीं कर सकता हूं। हमने मुनेश को इसलिए मेयर थोड़ी बनाया था कि उनके घर पर ही पट्टे के लिए गरीब लोगों से रिश्वत ली जाए। अब तो अति हो गई है।

खाचरियावास ने कहा- ACB की टीम 6 महीने से इस तरह के मामलों की जांच कर रही थी। पिछले डेढ़-दो महीने से तो शिकायतें काफी बढ़ गई थी। इसके बाद ACB की टीम ने करवाई की है। वैसे भी बिना सबूत के ACB की टीम किसी के घर पर छापा नहीं डालती है। उनके पास पर्याप्त सबूत है। तभी इस तरह की करवाई की गई है। मैं CM अशोक गहलोत जी और राजस्थान पुलिस की एसीबी टीम का धन्यवाद दूंगा। मुझे विश्वाश है, जो कोई भी इस मामले में लिप्त होगा। वो पकड़ में आएगा। ऐसे में जो भी सच्चाई है। वह अब जनता के सामने आ जाएगी।

प्रताप सिंह ने कहा- अब किसी की नाटकबाजी नहीं चलेगी। आप कितने ही नाटक क्यों ना कर लो, अब नहीं चलने वाले। चाहे प्रताप सिंह हो या फिर कोई और नेता। अगर वह TV पर आकर नाटक करता है तो वह पकड़ में आ जाती है। मैं भगवान राम का वंशज हूं। गोपीनाथजी का भक्त हूं। ग्रेटर में भी करवाई हुई थी। अब यहां पर भी हुई है। हम इसकी सच्चाई सामने लेकर आएगे।

खाचरियावास ने कहा- मेरे पास भी लोग आए थे। उन्होंने मेरे से कहा था पट्टा तो मेरा बन गया। वहां पर जाकर रुक गया। मैंने भी उनके पट्टे के लिए समझाया। फिर भी कोई नहीं समझे। तो क्या किया जा सकता है। जबकि अधिकारियों ने पट्टे बना दिए। नेता रोक दे तो कैसे बर्दाश्त करें। जब लोगों ने मेरे से शिकायत कि तो मैंने भी उन्हें 1064 पर शिकायत करने के लिए कहा था। ताकि भ्रष्टाचारियों पर सख्त एक्शन हो सकेगा। वैसे भी अति हो गई थी। ऐसे में हम हमारी नाक के नीचे चोरी नहीं होने देंगे।

बता दें कि शुक्रवार शाम एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने जयपुर हेरिटेज नगर निगम मेयर मुनेश गुर्जर के घर छापा मारा था। टीम ने पट्टा जारी करने की एवज में 2 लाख रुपए मांगे जाने पर मेयर के पति सुशील गुर्जर और दो दलाल नारायण सिंह और अनिल दुबे को गिरफ्तार किया है। सुशील पर पट्‌टे बनाने की एवज में 2 लाख रुपए की घूस मांगने का आरोप है। मेयर के घर सर्च में 41 लाख रुपए नकद मिले हैं। जिसके बाद ACB की टीम इस पूरे मामले को लेकर अब नगर निगम की पुरानी फाइलों की जांच कर रही है।