जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।

जयपुर में मंदिर के बाहर से एक जज के बेटे के जूते चोरी हो गए। इसके बाद माणक चौक थाने में जज ने बेटे के जूते चोरी की FIR दर्ज कराई है। पुलिस वारदात स्थल के आसपास लगे CCTV फुटेजों को खंगालने के साथ जूते चोरों की तलाश कर रही है। मामले की जांच हेड कॉन्स्टेबल मनीराम कर रहे हैं।

पुलिस ने बताया- राजधानी के महेश नगर के रहने वाले जगेन्द्र कुमार अग्रवाल अलवर पोक्सो कोर्ट संख्या-1 में जज हैं। 20 अगस्त को शहर के चांदनी चौक स्थित ब्रजनिधि मंदिर में उनके रिश्तेदार का प्रोग्राम था। रात करीब 8 बजे वह अपनी पत्नी और बेटे कृष्णा के साथ प्रोग्राम में शामिल होने आए थे।

डाक के जरिए शिकायत पर दर्ज हुई एफआईआर

मंदिर की सीढ़ियों के नीचे उनके बेटे कृष्णा ने रीबॉक कंपनी के जूते (कीमत करीब 10 हजार रुपए) खोले थे। रात करीब 10 बजे वापस मंदिर से बाहर आने पर जूते गायब मिले। इसके बाद जज ने डाक के जरिए जूते चोरी की शिकायत भेजी। पुलिस ने वो शिकायत शुक्रवार को मिली। उस पर कार्रवाई करते हुए उसी दिन FIR दर्ज कर ली गई। पुलिस अब मंदिर और उसके आस-पास लगे CCTV फुटेज को खंगाल रही है।

यूपी में भी सामने आया था मामला
इससे पहले उत्तर प्रदेश में भी ऐसा मामला सामने आया था। जहां ओडिशा के डिविजनल रेलवे मैनेजर (DRM) की बेटी के खोए हुए जूते ढूंढ निकाले थे। दरअसल, 4 जनवरी को DRM विनीत सिंह की बेटी के जूते ट्रेन यात्रा के दौरान खो गए थे। वह दिल्ली से लखनऊ के लिए यात्रा कर रही थी। आरोप लगाया गया कि बगल वाली सीट पर बैठी महिला ने अधिकारी की बेटी के जूते चुराए थे। वह महिला बरेली में उतरी थी। रिपोर्ट मिलने के बाद बरेली रेलवे पुलिस ने जूते ढूंढ निकाले थे।