जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट। 

जयपुर में देर रात पुलिस ने बार पर रेड कर 5 लड़कियों और 10 युवकों को गिरफ्तार किया। पुलिस रेड के दौरान सभी लड़कियां अश्लील डांस कर रही थीं। ये बार जयपुर के मालवीय नगर थाने क्षेत्र में जगतपुरा रोड पर चल रहा था। इसके लिए खास लोगों को ही वॉट्सऐप के जरिए संपर्क कर वक्त और दिन बताया जाता था। किसी नए व्यक्ति को अंदर जाने की परमिशन नहीं मिलती थी।

डीसीपी ईस्ट ज्ञानचंद यादव ने बताया- जयपुर में स्थित अवैध बार, डांस बार और रात में 8 बजे के बाद शराब बेचने वालों पर रोक लगाने के लिए सभी थाने के सीआई को आदेश दिए हुए हैं। इन आदेशों के तहत देर रात जगतपुरा रोड पर एक बीयर बार के दूसरे फ्लोर पर संदिग्ध कार्य चलने की जानकारी पुलिस को मिली थी। पुलिस रात 1 बजे रेड मारी तो बार में लड़कियां अभद्र कपड़ों में अश्लील डांस कर रही थीं। गाना बज रहा था। चारों और कई आदमी बैठकर शराब पी रहे थे। लड़कियों पर पैसे उड़ा रहे थे। इस पर टीम ने सभी को गिरफ्तार किया।

पुलिस जांच में सामने आया कि बीयर बार के दूसरे फ्लोर पर जाने के लिए एक लिफ्ट थी। एक रास्ता सीढियों से जाता था। इसी पर बार चल रहा था, जहां लड़कियां डांस कर रही थीं। सीढ़ियों के रास्ते पर ग्राउंड फ्लोर पर बाहर से लॉक किया गया था। इसके अलावा कोई खिड़की या दरवाजा नहीं था।

वॉट्सऐप से हो रही थी डीलिंग, नए व्यक्तियों को नहीं मिलती थी एंट्री

बीयर बार का मालिक वॉट्सऐप से ही आदमियों को बुलाता था। लड़कियां अरेंज करता था। यह काम महीने में एक या दो बार होता था। नए व्यक्तियों को अन्दर जाने की परमिशन नहीं होती थी। पकड़े गए युवकों ने पुलिस पूछताछ में बताया- सभी व्यवस्था वाट्सऐप पर होती है। दिन और समय बता दिया जाता है।

पुलिस को कहा हम व्यस्क हैं कुछ भी कर सकते हैं पुलिस क्यों पकड़ेगी

कार्रवाई के दौरान बार में बैठे लोगों ने पुलिस को कहा- हम बालिग हैं। दारू पी सकते हैं। मुजरा देख सकते हैं। इसमें पुलिस को दखल नहीं करना चाहिए। पुलिस ने उन्हें समझाया कि शराब पीना भी आपकी मर्जी है। डांस देखना भी आपका हक है, लेकिन महिलाओं का नशे में होना, अश्लील अंग प्रदर्शन व आपका नशे में होना अपराध है। यहां से बाहर आने जाने का एक दरवाजा होना चाहिए। यहां पर तो लॉक लगा रखा है। खिड़की या अन्य कोई रास्ता नहीं होने से महिलाओं के साथ किसी भी प्रकार का अपराध हो सकता है। सभ्य समाज में इस प्रकार का क्राइम रोका जाना आवश्यक है। इतना कहने पर बार में मौजूद लोगों ने पुलिस के साथ अभद्रता करना शुरू कर दिया। इस पर सभी को शांति भंग में गिरफ्तार किया गया।

इन की हुई गिरफ्तारी

मौके से पुलिस ने जयपुर के रहने वाले कदम प्रसाद, विजय मंगलानीपुरी, सुनील कुमार, मोहसीन खान, गोमती, राजा हरद्वानी, विष्णू मीणा, राजेश साबू को गिरफ्तार किया। साथ ही दिल्ली के रहने वाले राज भटनागर, अजमेर के अभिषेक शर्मा को भी पकड़ा है। साथ ही दिल्ली और यूपी की पांच लड़कियों को भी गिरफ्तार किया गया।