जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।  

केंद्र सरकार द्वारा राजस्थान में बनाए गए 33 खेलो इंडिया सेंटर का बुधवार को केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने उद्घाटन किया। इस दौरान राजस्थान के खेल मंत्री अशोक चांदना ने उनसे प्रदेश के जिलों में हुई बढ़ोतरी का हवाला देकर 50 खेलो इंडिया सेंटर बनाने की मांग की। इस पर केंद्रीय खेल मंत्री ने प्रदेश में 51 सेंटर बनाने का वादा किया। मंत्री अशोक चांदना और उप नेता प्रतिपक्ष सतीश पूनिया की मांग पर राजस्थान में भी नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस खोलने की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि देशभर में खेलो इंडिया सेंटर के माध्यम से कोचों को ब्लॉक स्तर पर भी ट्रेनिंग दी जाएगी। खेलो इंडिया के माध्यम से आज खिलाड़ियों को अपने भविष्य की चिंता नहीं रही। उनको केवल खेलने की चिंता करनी है। बाकी सभी चिंताएं भारत सरकार पर छोड़ दें। उन्होंने कहा कि राजस्थान के सभी फिजिकल एजुकेशन टीचर्स को किसी गेम से जोड़कर इसका लाभ लिया जा सकता है।

खेल मंत्री ने कहा कि राजस्थान के युवा सेना में सबसे बड़ा सहयोग देते हैं। इनको अब खेलों में भी आगे आना होगा। उन्होंने बताया कि राजस्थान में खेलों के लिए 125 करोड़ के प्रोजेक्ट स्वीकृत कर चुके हैं, जिनमें से कई प्रोजेक्ट पूरे हो चुके हैं, जबकि कुछ जल्द ही पूरे होने वाले है। इनसे खेलों को बढ़ावा मिलेगा।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि खेल एक राज्य का विषय है और राज्यों को उसमें भूमिका निभानी चाहिए। केंद्र सरकार भी चाहती है कि हर राज्य खेलों की दृष्टि से नई-नई योजनाएं लेकर आएं। खिलाड़ियों के लिए सुविधाओं को बढ़ावा दें। केंद्र और राज्य मिलकर खेलों को बढ़ावा देंगे, तभी मेडल की सूची बढ़ पाएगी।

उन्होंने कहा कि ओलिंपिक गोल्ड मेडल में सूखा भी पड़ गया था, लेकिन टोक्यो में गोल्ड तो नहीं पर ब्रॉन्ज जीतकर पूरे देश में नया उत्साह पैदा किया। हाल ही में भारत की तीन बेटियों ने देश का नाम ऊंचा किया है। हर राज्य अपनी भूमिका खेलों में लगातार आगे बढ़ाएगा तो देश को उसका लाभ मिलेगा। हम खेलों में लगातार आगे बढ़ रहे, इसमें खेलों इंडिया योजना का बड़ा योगदान है।