श्रीगंगानगर ब्यूरो रिपोर्ट।

गंगनहर में पूरे पानी की मांग के संबंध में किसानों का स्टेट हाइवे जाम जारी है। किसानों ने राजस्थान पंजाब हाइवे को शुक्रवार शाम जाम कर दिया था। इसके बाद से राजस्थान से पंजाब और पंजाब से राजस्थान में आने वाले वाहन चालकों को खूब परेशान होना पड़ रहा है। श्रीगंगानगर में बड़ी संख्या में दूध विक्रेता पंजाब से दूध लेकर आते हैं। पंजाब सीमा पर जाम से इन दूध बेचने वालों को अंदरूनी रास्तों से होकर गुजरना पड़ा। इसी तरह कई लोग फ्रूट भी पंजाब से लेकर आते हैं। इन लोगों को भी परेशान होना पड़ा। वहीं बसों और अन्य वाहनों से यात्रा करने वालों को तो काफी परेशानी हुई। प्राइवेट बसों के चालकों ने उन्हें राजस्थान-पंजाब सीमा पर ही छोड़ दिया।

किसानों ने किया रास्ता बंद

किसानों ने यहां पंजाब से श्रीगंगानगर को आने वाला रास्ता बंद कर दिया है। ये लोग यहां तंबू तानकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। किसान नेता संतवीर सिंह मोहनपुरा ने बताया कि अगर किसानों की मांग पर रविवार सुबह तक कार्रवाई नहीं होती है तो सुबह से पंजाब की ओर जाने वाले सभी अंदरूनी रास्तों को भी बंद कर दिया जाएगा।

सरकार नहीं दे रही ध्यान
संतवीर सिंह मोहनपुरा ने बताया कि सरकार उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दे रही है। किसानों ने शुक्रवार को पूरा दिन श्रीगंगानगर कलेक्ट्रेट पर विरोध प्रदर्शन किया था। जिला प्रशासन ने उनकी बात नहीं सुनी। ऐसे में किसान श्रीगंगानगर-पंजाब हाइवे पर जमा हो गए हैं। अब गंगनहर में पानी आने पर ही वे यहां से हटेंगे।