उदयपुर ब्यूरो रिपोर्ट। 

खुद को भगवान शिव का अवतार बताकर 60 साल के व्यक्ति ने 85 साल की महिला की हत्या कर दी। हत्या से पहले आरोपी बुजुर्ग महिला पर छाते से वार किए। महिला के सीने पर मुक्के मारे। मामला उदयपुर के सायरा इलाके का है। घटना 5 अगस्त की है। इसका VIDEO रविवार को सामने आया है।

एसपी भुवन भूषण यादव ने बताया कि तरपाल निवासी आरोपी प्रताप सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि सायरा निवासी महिला कालकी बाई 5 अगस्त को सुबह पीहर (जारोली) जाने के लिए निकली थी। हमराई के पास आरोपी ने महिला को आते देखा और पकड़कर खुद को भगवान शिव का अवतार बताने लगा। इस दौरान यहां बकरी चराने आए नाथू सिंह ने आरोपी को देखा और सोचा कि वह महिला से मजाक कर रहा है।

जब आरोपी उसे पीटने लगा तब नाथू सिंह ने इसे बचाने का प्रयास किया। आरोपी नहीं रुका। तभी पास में 2 और नाबालिग बकरी चरा रहे थे। उन्होंने इसका वीडियो बना लिया। एसपी ने कहा कि पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह शराब के नशे में था और उसने सोचा वह भगवान का अवतार है और महिला को मारकर फिर से जिंदा कर देगा।

आरोपी ने महिला पर उसी के छाते से ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। महिला लहूलुहान हो गई। इसके बाद भी आरोपी पीटता रहा। उसने महिला के सीने पर मुक्के भी मारे। थोड़ी देर बाद महिला अचेत हो गई।

जानें- वीडियो में क्या है

वीडियो में आरोपी प्रताप सिंह महिला के पास बैठा है, महिला का चेहरा खून से लथपथ नजर आ रहा है। आरोपी महिला के बाल पकड़कर उससे कहता है-

सब सच बताऊंगा

मैं भगवान भोलेनाथ के यहां से आया हूं और भगवान ने मेरे को भेजा है।

मैं भोलेनाथ का भक्त हूं,

अच्छा हुआ मिल गई तू…

महारानी बनती है

(कहने के बाद जोर से वृद्ध महिला की छाती पर मुक्का मारता है) महिला जमीन पर गिर जाती है।

वीडियो में आरोपी महिला की चोटी पकड़कर उसे इधर-उधर घसीटता और लात-घूंसों से पीटता नजर आ रहा है।

दूसरे वीडियो में आरोपी प्रताप सिंह महिला पर पैर रखकर खड़ा है। इसी दौरान एक युवक (नाथू सिंह) उसे रोकने की कोशिश करता है। लेकिन वह नहीं मानता और महिला के सिर पर छाते के नुकीले हिस्से से वार करता है।

वीडियो सामने आने के बाद एसपी के निर्देश के बाद पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रताप सिंह को गिरफ्तार कर लिया। साथ घटना के वक्त मौजूद नाथूसिंह और दो नाबालिगों की क्या भूमिका रही है, उस संबंध में भी जांच की जा रही है।

वीडियो देखा तो बेटे के होश उड़े
वृद्धा के बेटे वरदाराम ने बताया कि छोटे भाई नवलराम ने मोबाइल पर वीडियो दिखाया तो मेरे होश उड़ गए। वीडियो में आरोपी प्रताप सिंह मेरी मां को मारपीट करते हुए दिख रहा था।