जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट। 

जयपुर सेंट्रल जेल में रविवार शाम एक कैदी ने सुसाइड कर लिया। बाथरूम की खिड़की से उसने फंदा लगाया था। लालकोठी थाना पुलिस ने FSL टीम की मदद से सबूत जुटाए। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव को SMS हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। मामले की न्यायिक जांच होगी।

SHO (लालकोठी) रविंद्र सिंह नरूका ने बताया कि मृतक आशीष पाराशर (35) कचेरी रोड गंगापुर सिटी का रहने वाला था। हत्या के मामले में वह घाटगेट स्थित सेंट्रल जेल में सजा काट रहा था। आचरण सही होने पर करीब 4 माह पहले उसे सांगानेर स्थित खुली जेल में शिफ्ट किया गया था। इस दौरान जून महीने में वह खुली जेल से फरार हो गया। पुलिस ने हाल में उसे गिरफ्तार किया था। कोर्ट के आदेश पर कैदी आशीष को जयपुर सेंट्रल जेल भेज दिया।

घटनाक्रम के अनुसार रविवार शाम को वह बैरिक नबंर-9 के पास बंद पड़े बाथरूम की तरफ गया था। इस दौरान उसने बाथरूम में कपडे़ का फंदा बनाया और खिड़की से लटक कर सुसाइड कर लिया। शाम करीब 6 बजे बाथरूम में खिड़की से उसका शव लटका मिला। जेल प्रशासन की सूचना पर लालकोठी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने FSL टीम की मदद से सबूत जुटाने के बाद शव को SMS हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी भिजवाया।