हनुमानगढ़ - विश्वाश कुमार 

भाजपा के नव नियुक्त जिलाध्यक्ष देवेंद्र पारीक के पदभार ग्रहण समारोह में शुक्रवार को प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने राज्य की गहलोत सरकार पर निशाना साधा। गहलोत को हर मोर्चे पर विफल बताया और कहा कि वह साढ़े चार वर्ष तक कुर्सी बचाने के प्रयास में जुटे रहे। जबकि केंद्र की मोदी सरकार किसान व आमजन को राहत देने वाली योजनाएं लेकर आती रही है। कार्यकर्ताओं से कहा कि आप लोग हनुमान बनकर मेहनत करें। निश्चित ही 2023 में प्रदेश में फिर से कमल खिलेगा और प्रदेश से कांग्रेस की सरकार को उखाड़ फेकेंगे।उन्होंने कहा कि केंद्र की योजनाओं को हटा दिया जाए तो राज्य की गहलोत सरकार के पास कुछ ऐसा नहीं है, जिससे जनता को राहत मिला हो। उन्होंने कहा कि 1952 में जब भाजपा बनी थी, उस समय जमानत बचने पर भी कार्यकर्ता जश्न मनाते थे। मगर आज कार्यकर्ताओं की मेहनत के बल पर पार्टी सबसे पार्टी बन गई है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि इसी हनुमानजी की नगरी हनुमानगढ़ में कांग्रेस के तत्कालीन राष्ट्रीयध्यक्ष राहुल गांधी व अशोक गहलोत ने किसानों का संपूर्ण कर्ज माफ करने का वादा किया था। लेकिन चुनाव जीतने के बाद किसानों के साथ छलावा किया। मगर बालाजी ऐसा घोटा घुमाएंगे, जिससे उनको अब पता चल जाएगा। जोशी ने कहा कि कांग्रेस लोगों के साथ छलावा नहीं करे। अपने घोषणा पत्र में वही बातें डाले जिसे अमल में ला सकती हो। सभा के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि इस सरकार ने राजस्थान के लाखों-करोड़ों युवाओं का भविष्य बर्बाद कर दिया है।बेरोजगारी भत्ता तो नहीं दिया लेकिन आरपीएससी जैसी पवित्र संस्था को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया। मुख्यमंत्री के बेहद करीबी पूर्व राज्यमंत्री आरपीएससी में पास कराने के नाम पर 18 लाख रुपए लेते पकड़े जाते हैं। सबकी सुई मुखिया के ऊपर है। पेपर लीक का सारा खेल कांग्रेस पार्टी और सत्ता में बैठे लोगों के माध्यम से हो रहा है। प्रदेश में नाबालिग लड़कियों के साथ बढ़ रही दुष्कर्म की घटनाओं को लेकर सरकार को घेरते हुए कहा कि इन घटनाओं को लेकर सख्त होने की बजाय सरकार में बैठे लोग अपराधियों को हौसला देने वाले बयान दे रहे हैं। सरकार का एक मंत्री कहता है कि राजस्थान मर्दांे का प्रदेश है, इसलिए इस तरह की घटनाएं होती हैं। इस तरह के बयान शर्मशार करने वाले हैं। जोशी ने भीलवाड़ा जिले में 14 साल की बच्ची को भ_ी में डालकर जलाने के मामले में राजस्थान सरकार और पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि जब बच्ची के परिवार के लोगों को यह पता चलता है कि बच्ची की मौत हो गई है तो वे पुलिस के पास जाते हैं लेकिन पुलिस बच्ची को ढूंढऩे में उनकी मदद नहीं करती। सबूत मिटाने में पुलिस कहीं न कहीं सहभागी है। राजस्थान में मुख्यमंत्री का चेहरा कौन होगा के सवाल के जवाब में जोशी ने कहा कि भाजपा में पॉर्लियामेंट्री बोर्ड निर्णय करता है कि किसे मुख्यमंत्री बनाना है। चुनाव के बाद पॉर्लियामेंट्री बोर्ड ही इसमें निर्णय करेगा। सांसद निहालचंद मेघवाल, विधायक धर्मेंद्र मोची, गुरदीप सिंह शाहपीनी, पूर्व मंत्री डॉ. रामप्रताप, पूर्व विधायक संजीव बेनीवाल, जयदीप डूडी, अभिषेक मटोरिया, पूर्व जिलाध्यक्ष बलवीर बिश्नोई , रामकिशन भाकर, काशीराम गोदारा, सेवानिवृत्त जिला कलक्टर डॉ. एसपी सिंह, प्रदीप बेनीवाल, प्रियंका बलान, जुगलकिशोर गौड़, लेखराम जोशी, रामसिंह बराड़, गुलाब सींवर, पूर्व सभापति नगीना बाई, नरेंद्र खिलेरी, अमर सिंह राठौड़, अशोक सैनी, कपूर सिंह, हरिमोहन महर्षि, सीआर चौधरी, प्रदीप ऐरी व क्रय-विक्रय सहकारी समिति हनुमानगढ़ के अध्यक्ष प्रेम गोदारा सहित अन्य मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन विकास गुप्ता ने किया।

मोदी के PM बनने पर ही क्यों बनी योजना

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि नरेंद्र मोदी नौ वर्ष से प्रधानमंत्री हैं। इस दौरान किसान सम्मान निधि, पीएम फसल बीमा योजना, बूंद-बूंद सिंचाई सहित अन्य किसानों को राहत देने वाली योजनाएं बनी है। नैनो यूरिया लेकर आए। ताकि खेती में दिक्कत नहीं हो। लेकिन इससे पहले साठ बरसों तक सत्ता में रहे लोगों ने इस तरह की योजना क्यों शुरू नहीं की। मोदी प्रधानमंत्री बनते हैं, तभी इस तरह की योजनाएं क्यों बनी, यह सोचने का विषय है। उन्होंने कहा कि मोदी 56 इंच का सीना वाले पीएम हैं। इसलिए सारे काम कर रहे हैं। कश्मीर में धारा 370 का जिक्र कर कहा कि मोदी ने इस समस्या का हल निकालकर कश्मीर को राहत दी है।

पांचों सीट झोली में डालने का प्रयास

भाजपा के नव नियुक्त जिलाध्यक्ष देवेंद्र पारीक ने कार्यक्रम में कहा कि हनुमान जी की नगरी हनुमानगढ़ में प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी का स्वागत है। उनकी नियुक्ति से कार्यकर्ता उत्साह से लबरेज हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश नेतृत्व ने जो जिम्मेदारी मुझ पर सौंपी है, उसे वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में पूरा करने का प्रयास करूंगा। जिले की पांचों विधानसभा सीटों पर कमल खिलाकर पार्टी की झोली में सौंपने की बात कही। पारीक ने कहा कि प्रदेश का पेट भरने वाला हमारा जिला कई समस्याओं से जूझ रहा है। राज्य सरकार सौतैला व्यवहार कर रही है। पीएम फसल बीमा योजना का जिक्र कर कहा कि भादरा विधायक अन्य लोग झूठे नंबर बना रहे हैं। आज तक इतना बीमा कभी जिले के किसानों को नहीं मिला। सेम समस्या समाधान के लिए वसुंधरा सरकार में पूर्व मंत्री डॉ. रामप्रताप की ओर से किए गए प्रयासों को भी बताया। भाजपा के नव नियुक्त जिलाध्यक्ष को प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने पदभार ग्रहण करवाया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष देवेंद्र पारीक ने पूर्व जिलाध्यक्ष बलवीर बिश्नोई का आशीर्वाद प्राप्त किया।