कोटा ब्यूरो रिपोर्ट। 

विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को गुमानपुरा स्थित कांग्रेस कार्यालय कांग्रेस देहात की बैठक हुई। बैठक में कोटा-बूंदी लोकसभा के प्रभारी इंद्र विजय सिंह गोहिल, संभाग प्रभारी कैलाश मीणा ने ग्रामीण क्षेत्र की 4 विधानसभा के जनप्रतिनिधियों व कार्यकर्ताओं से फीडबैक लिया। इस दौरान इंद्र विजय सिंह गोहिल, कैलाश मीणा ने मीडिया से बातचीत की। बिना चेहरे के चुनाव में उतरने के सवाल पर संभाग प्रभारी कैलाश मीणा ने कहा कि कांग्रेस का खुद का चेहरा है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राजस्थान में कई विकास कार्य किए हैं और आमजन के लिए कई योजनाएं लागू की हैं। कांग्रेस सरकार की योजनाओं से ग्रामीण इलाकों में दीपावली जैसा माहौल है।

वसुंधरा राजे ने झालावाड़ में कोई काम नहीं किया

कैलाश मीणा ने झालावाड़ की चारों विधानसभा सीटें जीतने का दावा करते हुए कहा कि राजस्थान में कांग्रेस की सरकार फिर से बनाएंगे। बीजेपी की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का आज कोई जनाधार नहीं है। वो वसुंधरा राजे के सीएम रहते विधायक बने थे। वसुंधरा राजे ने झालावाड़ में कुछ काम नहीं किए।

कांग्रेस कार्यकर्ता मजबूत है

एक सवाल के जवाब पर कैलाश मीणा ने कहा कि कांग्रेस खुद अपने आप में चेहरा है। चाहे वसुंधरा राजे हों, चाहे कोई और हो। हमारे यहां कोई फर्क पड़ने वाला नहीं है। क्योंकि कांग्रेस का कार्यकर्ता बिल्कुल मजबूत है। कांग्रेस का कार्यकर्ता कभी भी कांग्रेस छोड़कर बीजेपी जॉइन नहीं करता।

राजस्थान मॉडल विश्व का सर्वश्रेष्ठ मॉडल

इंद्रविजय सिंह ने कहा की कार्यकर्ताओं का उत्साह बता रहा है कि राजस्थान में फिर से कांग्रेस सरकार बनने जा रही है। राजस्थान में सेहत,शिक्षा,विकास, मूलभूत सुविधाओं का विस्तार हुआ। आज राजस्थान का हर व्यक्ति, कार्यकर्ता राजस्थान में एक बार फिर कांग्रेस की सरकार को लाना चाहता है। राजस्थान सरकार ने गरीबों के हितों की योजनाएं लॉन्च की है। राजस्थान मॉडल विश्व का सर्वश्रेष्ठ मॉडल है।