जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट। 

विधानसभा चुनावों के मद्देनजर बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी लगातार अपनी टीम में बदलाव कर रहे हैं। इस बदलाव के तहत उन्होंने शनिवार देर रात 8 जिलों के जिलाध्यक्ष बदल दिए। इसमें जयपुर के 2 जिलाध्यक्ष भी शामिल है। इसमें जयपुर उत्तर में श्याम शर्मा और दक्षिण में राजेश गुर्जर को जिला अध्यक्ष बनाया गया है।

इन जिलों के अध्यक्ष भी बदले-:

जिलाजिलाध्यक्ष
चूरूहरलाल सहारण
सीकरपवन मोदी
धौलपुरसत्येंद्र पराशर
बांसवाड़ालाभचंद पटेल
नागौर शहररामनिवास सांखला
कोटा देहातप्रेम गोचर

प्रदेश कार्यसमिति के विशेष आमंत्रित सदस्यों की घोषणा
सीपी जोशी ने जिला अध्यक्षों के साथ-साथ प्रदेश कार्य समिति के विशेष आमंत्रित सदस्यों की भी घोषणा की है। जोशी ने चूरू से धर्मवीर पुजारी, जयपुर दक्षिण से रामानंद गुर्जर, जयपुर उत्तर से जितेंद्र शर्मा, सीकर से इंद्रा चौधरी, धौलपुर से श्रवण कुमार वर्मा, बांसवाड़ा से मोहनाराम चौधरी, नागौर शहर से गोविंद सिंह राव और कोटा देहात से मुकुट बिहारी नागर को प्रदेश कार्य समिति में शामिल किया गया है।

जयपुर उत्तर जिलाध्यक्ष श्याम शर्मा
जयपुर उत्तर के जिलाध्यक्ष पर नियुक्त श्याम शर्मा ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत छात्र राजनीति से की थी। शर्मा 2008 से 2012 तक एबीवीपी में संगठन मंत्री रहे। 2017 से 2019 तक विस्तारक योजना में अजमेर संभाग के प्रभारी रहे। 2018 में जयपुर जिला उपाध्यक्ष बने। अभी कोटा शहर के सह प्रभारी का दायित्व उनके पास था। श्याम शर्मा आरएसएस से जुड़े हुए हैं। वह 2005 में आरएसएस में सह नगर कार्यवाहक भी रहे।

जयपुर दक्षिण जिलाध्यक्ष राजेश गुर्जर
मूलतः बगरू के रहने वाले राजेश गुर्जर प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी की टीम में पहले भी रहे हैं। जब सीपी जोशी भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष थे। तब राजेश गुर्जर उनकी टीम में प्रदेश मंत्री के तौर पर शामिल हुए थे। वहीं युवा मोर्चा में ही प्रदेश महामंत्री का दायित्व भी संभाल चुके हैं। इसके अलावा वह कई जिलों के प्रभारी रह चुके हैं।