बीकानेर ब्यूरो रिपोर्ट। 

बिजली संकट के मुद्दे को लेकर पूर्व सिंचाई मंत्री देवी सिंह भाटी के आह्वान पर उनके समर्थकों ने बीकानेर के मुख्य मार्गों पर जाम लगा दिया। बीकानेर से जैसलमेर, जोधपुर, जयपुर और श्रीगंगानगर की ओर जाने वाले नेशनल हाईवे के साथ ही कई गांवों और कस्बों में रास्तों को भी बंद कर दिया गया। भाटी ने इन रास्तों को बंद कर शक्ति प्रदर्शन किया है। हालांकि, पुलिस की समझाइश के बाद इस जाम को खोल दिया गया।

रास्ते बंद करते हुए प्रदर्शनकारियों ने ऊर्जा मंत्री भंवर सिंह भाटी के खिलाफ नारेबाजी की। आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने टायर जलाए और बिजली आपूर्ति की समस्या का जल्द समाधान करने की मांग की। राजमार्ग के साथ ही रेल मार्ग पर जाम लगाया गया था। बीकानेर-जोधपुर रेलवे ट्रैक को भी देशनोक के पास बाधित किया गया था।

बिजली संकट को लेकर प्रदर्शन

दरअसल, बीकानेर में पिछले कई दिनों से बिजली संकट है। ग्रामीण क्षेत्रों में काफी कटौती हो रही है, जिससे किसानों की फसलें बर्बाद हो रही हैं। खासकर, श्रीडूंगरगढ़, श्रीकोलायत सहित जिले के भूमिगत पानी से सिंचाई वाले क्षेत्रों में फसल खराब हो रही हैं। पिछले दिनों श्रीडूंगरगढ़ के किसानों को ऊर्जा मंत्री भंवर सिंह भाटी और शिक्षा मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला को घेरकर ज्ञापन भी दिया था। इसके बावजूद भी समस्या का समाधान नहीं हो पाया था।

यहां लगाया है जाम

शुक्रवार सुबह से जिले के कई मार्गों पर देवी सिंह भाटी समर्थकों ने रास्ता बंद कर दिया। इस दौरान भाटी जिंदाबाद के नारे लगे। कांडला-अमृतसर वे को बंद करने के लिए नापासर के किलचू में जाम लगाया गया। जैसलमेर हाईवे भी जाम कर दिया गया। नाल के पास सुबह से ही भाटी समर्थक इकठ्ठा होना शुरू हो गए थे। अनूपगढ़ हाईवे बंद करने के लिए बदरासर के पास जाम लगाया गया।

इसी मार्ग पर कावनी चौराहा भी जाम किया गया। श्रीगंगानगर हाईवे चौराहे से निकलते ही मुख्य मार्ग पर रास्ता बंद किया गया। गांवों में भी रास्ता बंद किया गया। जिसमें गड़ियाला, गिर्राजसर, नोखड़ा, बज्जू, श्रीकोलायत, हाडला, झझू भी शामिल हैं।