उदयपुर ब्यूरो रिपोर्ट। 

इस बार रक्षाबंधन पर्व पर पूर्णिमा दो दिन होने से संशय की स्थिति है, लेकिन प्रदेशभर में अमूमन जगह 30 अगस्त को ही यह पर्व मनाया जाएगा। सरकार ने भी हर साल की तरह 30 अगस्त काे ही महिलाओं के लिए राेडवेज बसाें में यात्रा फ्री की है। इसके तहत 29 अगस्त को रात 12 बजे से 30 अगस्त को रात 12 बजे तक किराया नहीं लिया जाएगा। लेकिन राखी बांधने के मुहूर्त ने फ्री यात्रा के फायदे पर संशय खड़ा कर दिया है। प्रदेश में करीब 7 लाख महिलाएं इसका लाभ लेती हैं, लेकिन इस बार एकतरफा फायदा ही मिलने की आशंका है।

जानिए फायदा एकतरफा ही क्यों : भाई रात को बहनों को भेजेंगे नहीं, सुबह फ्री यात्रा खत्म

भद्रा के कारण इस बार 30 सितंबर काे रात 9:02 बजे से राखी बांधने का मुहूर्त है। यह अगले दिन 31 अगस्त काे सुबह 7 बजकर 05 मिनट तक रहेगा। ऐसे में महिलाएं 30 अगस्त को फ्री यात्रा का फायदा ताे उठा सकेंगी, लेकिन भाई के घर से फ्री लाैटने का लाभ नहीं के बराबर ही उठा पाएंगी।

दरअसल, भाइयों को रक्षा सूत्र बांधने के लिए विभिन्न जिलों और तहसीलों में जाने वाली महिलाएं रात 9 बजे बाद राखी बांधेंगी और इसके बाद परिवार के साथ बातचीत-खाने आदि में समय लगेगा। अगर ऐसा नहीं भी किया ताे रात 9 बजे बाद संभवत: ही काेई महिला रात काे सफर करेगी। भाई का परिवार भी उसे रात काे सफर करने की अनुमति भी शायद ही देगा।

उदयपुर में 20-25 हजार महिलाएं उठाती हैं फायदा : हर साल करीब 7 लाख से ज्यादा महिलाएं रक्षाबंधन पर प्रदेशभर में रोडवेज की निशुल्क सेवा का लाभ लेती हैं। उदयपुर में यह संख्या 20-25 हजार है। सुविधा एक्सप्रेस, स्लीपर, साधारण बसाें में मिलती है। वॉल्वो में 50% तक छूट मिलेगी। प्रदेश की सीमा से बाहर जाने पर बची यात्रा का टिकट लेना हाेगा। आगार प्रबंधक हेमंत शर्मा ने बताया कि उदयपुर में राखी पर डिपाे की 84 बसें चलाई जाएंगी। प्रदेशभर में करीब 3500 बसों में यह छूट मिलेगी।

परिवहन मंत्री बाेले- दाेनाें दिन यात्रा फ्री करने पर आज विचार

परिवहन मंत्री बृजेन्द्र सिंह ओला से बात की गई ताे वे बाेले कि जिम्मेदार अधिकारियों से चर्चा करेंगे और मंगलवार को निर्णय लेंगे। महिलाओं के लिए रक्षाबंधन पर 30 और 31 को दोनाें दिन यात्रा फ्री की जा सकती है।

राखी बांधने का समय

30 अगस्त रात 9:02 से 31 अगस्त सुबह 7:05 बजे तक

फ्री यात्रा का समय

29 अगस्त रात 12 बजे से 30 अगस्त रात 12 बजे तक