करौली ब्यूरो रिपोर्ट। 

बसपा की सर्व जन हिताय, सर्वजन सुखाय संकल्प यात्रा धौलपुर से शुरू होकर करौली पहुंची। इस मौके पर पुराने कलेक्ट्रेट चौराहे पर स्थित जैन नसिया में एक जनसभा का आयोजन किया गया। जनसभा में पार्टी पदाधिकारियों से सभी समाजों को जोड़ने और विधानसभा चुनावों में प्रदेश में 25 से अधिक सीट जीतने का संकल्प लिया।

बसपा के नेशनल कोऑर्डिनेटर आकाश आनंद ने राज्य की कांग्रेस सरकार और केंद्र की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में कांग्रेस ने किसानों की कर्ज माफी, गरीब और दलित के विकास का वादा कर सत्ता पाई थी, लेकिन प्रदेश में सबसे अधिक दलित और महिलाओं पर अत्याचार हो रहे है। देश में सबसे अधिक रेप प्रदेश में हो रहे हैं। आए दिन हत्या हो रही है। प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है। राज्य सरकार ने विधायकों को छूट देकर भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया है।

उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार के राज में देश में महंगाई चरम पर है। गैस सिलेंडर हजार रुपए से ऊपर पहुंच गया, तो पेट्रोल डीजल के दाम भी आसमान छू रहे हैं। सब्जी सहित रोजमर्रा की वस्तुएं महंगी हो रही हैं, लेकिन केंद्र सरकार गरीब और दलित के उद्धार के लिए काम नहीं कर रही है। राज्यसभा सांसद रामजी गौतम ने कहा कि केवल बसपा ही एक ऐसी पार्टी है जो दलित और गरीब के उत्थान के लिए काम करती है।

जनसभा को नेशनल कोऑर्डिनेटर आकाश आनंद, राज्य सभा सांसद रामजी गौतम, प्रदेश अध्यक्ष भगवान सिंह बाबा, पूर्व राज्यसभा सदस्य अशोक, करौली विधानसभा प्रत्याशी रविंद्र मीणा ने संबोधित किया। इस दौरान करौली बसपा जिलाध्यक्ष जमुनालाल जाटव, दौलत सिंह, शिव सिंह जाटव सहित अन्य मौजूद रहे।