भीलवाड़ा ब्यूरो रिपोर्ट। 

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष व शाहपुरा (भीलवाड़ा) विधायक कैलाश मेघवाल ने अपनी ही पार्टी के नेता (केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल) को भ्रष्ट बता दिया। उन्होंने कहा- अर्जुन राम मेघवाल भ्रष्टाचारी नम्बर एक है। मैं PM मोदी को लिखूंगा, इसे मंत्रिमंडल से बाहर करो। इतना ही नहीं, मेघवाल ने सीएम अशोक गहलोत को बेहतर मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी को बेहतर सांसद बताया। उधर, अर्जुनराम मेघवाल ने मानहानि को लेकर कानूनी कार्रवाई करने की धमकी दी है।

मेघवाल के इस बयान के पीछे इस बार शाहपुरा से टिकट कटने की संभावना को कारण बताया जा रहा है। इस बयान के बाद भीलवाड़ा भाजपा में खलबली मच गई है। सोमवार को शाहपुर के कोठिया गांव में मंसूरी समाज के एक कार्यक्रम में विधायक कैलाश मेघवाल ने बतौर मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इसी दौरान उन्होंने अपनी ही पार्टी के नेता पर सवाल खड़े किए।

भाजपा विधायक ने कहा- अशोक गहलोत ने शाहपुरा का भला किया

मेघवाल बोले - यह अर्जुन राम मेघवाल भ्रष्टाचारी नम्बर एक है, इसके खिलाफ भ्रष्टाचार के कई मुकदमे चल रहे हैं। मैं मोदी को चिट्‌ठी लिखने वाला हूं … भाई तुमने जिसको मंत्री बनाया है … कानून मंत्री। वह भ्रष्टाचार में लिप्त अफसर था। तभी लाखों रुपए का भ्रष्टाचार किया था। गरीब और मजबूर लोगों को भी नहीं छोड़ा इसने और बचने के लिए राजनीति में आ गया। आज भी उसके खिलाफ मुकदमे चल रहे हैं। मैं जब यहां आया मुझे बताया गया गया कि सीपी जोशी उस समय भीलवाड़ा के सांसद थे और केंद्र सरकार में मंत्री भी थे। यह उन्हीं की बदौलत है कि आज हम यहां पर चंबल का पानी पी रहे हैं। उसी सीपी जोशी ने आपकी सड़कों को सुधारा है। आज अशोक गहलोतजी ने शाहपुरा का भला किया है।

अर्जुन मेघवाल शाहपुर क्षेत्र में ज्यादा सक्रिय
शाहपुरा विधानसभा से कैलाश मेघवाल के टिकट कटने की संभावना जताई जा रही है। अर्जुन राम मेघवाल इस बार शहापुर सीट पर काफी सक्रिय नजर आ रहे हैं। इस बार चुनाव में शाहपुरा सीट से अर्जुन राम के खास कार्यकर्ता को भाजपा से टिकट मिलने की संभावना जताई जा रही है। माना जा रहा है कि इसी के चलते वर्तमान विधायक कैलाश मेघवाल ने यह बयान दिया है।

गहलोत ने बताया था मददगार
कुछ दिन पहले सीएम अशोक गहलोत ने कांग्रेस की गिरती हुई सरकार को बचाने में कैलाश मेघवाल को मददगार बताया था। गहलोत के इस बयान के बाद से ही मेघवाल से पार्टी नाराज चल रही है। माना जा रहा है कि तभी से टिकट को लेकर संकट मंडराने लगा है।

अर्जुनराम मेघवाल ने कहा- मानहानि का दर्ज हो सकता है मुकदमा
अर्जुनराम मेघवाल ने कैलाश मेघवाल के आरोपों पर आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा- कैलाश मेघवाल आरोप लगाने से पहले अपने गिरेबां में झांक कर देखें। कैलाश मेघवाल आज से 15 वर्ष पूर्व वसुंधरा जी के खिलाफ 10 हजार करोड़ के भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे। उम्र के साथ दिमाग ने काम करना बंद कर दिया है। मानहानि का मुकदमा दर्ज हो सकता। कानून के अनुसार कार्रवाई करूंगा।