बूंदी ब्यूरो रिपोर्ट। 

राजस्थान के बूंदी जिले में स्थित रामगढ़ विषधारी टाइगर रिजर्व में टाइग्रेस RVT - 2 अपने 3 शावकों के साथ नजर आई है। रामगढ़ विषधारी टाइगर रिजर्व के वन क्षेत्र में लगाए गए ट्रैप कैमरा की तस्वीरों में टाइग्रेस अपने 3 शावकों के साथ घूमती हुई नजर आई है। शावकों की उम्र करीब 2 से चार महीने की बताई जा रही है। इसमें बाद वन विभाग ने शावकों की सुरक्षा के लिए प्रबंध करना शुरू कर दिया है। टाइग्रेस और शावकों पर लगातार नजर रखी जाएगी।

डीएफओ संजीव शर्मा ने बताया- टाइग्रेस RVT - 2 को पिछले साल 16 जुलाई के दिन ही रणथंभौर से रामगढ़ विषधारी लाया गया था। ऐसे में शिफ्टिंग के एक साल में ही बच्चे डिलीवर करने का प्रदेश में यह अनूठा मामला है। Fसके बाद अब रामगढ़ विषधारी में अब टाइगर कि संख्या बढ़कर पांच पर पहुंच गई है।

राजस्थान स्टेट वाइल्डलाइफ बोर्ड के सदस्य धीरेंद्र के गोधा ने बताया- राजस्थान में लगातार बढ़ रही टाइगर की संख्या ना सिर्फ प्रदेशवासियों बल्कि, देशवासियों के लिए खुशी की खबर है। पिछले सप्ताह सरिस्का 2 शावकों की तस्वीर सामने आई थी। अब रामगढ़ विषधारी रिजर्व से शावकों के जन्म की खबर मिली है।

इससे साफ जाहिर होता है कि राजस्थान सरकार द्वारा टाइगर्स के संरक्षण के लिए सही दिशा में सही तरीके से काम किया जा रहा है। जिससे न सिर्फ राजस्थान के जंगल आबाद रहेंगे। बल्कि, प्रदेश के पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

वन विभाग के ACS शिखर अग्रवाल ने भी ट्वीट कर रामगढ़ में नन्हें शावकों की मौजूदगी पर खुशी जाहिर की है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि 'लंबे इंतजार के बाद रामगढ़ विषधारी टाइगर रिजर्व से खुशखबरी मिली है। बेगम तीन शावकों के साथ दिखी है।'

रामगढ़ विषधारी टाइगर रिजर्व को देश का 52वां टाइगर रिजर्व क्षेत्र है। जिसका कुल क्षेत्रफल 150189.21 हेक्टेयर है। इसमें एनटीसीए की अनुमति के बाद एक टाइगर RVT - 1 यहां पिछले साढ़े तीन साल से जबकि टाइग्रेस RVT - 2 पिछले साल 16 जुलाई को रणथम्भौर टाइगर रिजर्व से यहां छोड़ी गई थी। वहीं अब RVT - 2 ने रामगढ़ विषधारी टाइगर रिजर्व में 3 तीन शावकों को जन्म देकर प्रदेश में टाइगर के कुनबे को बढ़ा दिया है।

बता दें कि पिछले सप्ताह राजस्थान के अलवर जिले में स्थित सरिस्का टाइगर रिजर्व में लगाए गए ट्रैप कैमरा में टाइग्रेस ST-19 अपने दो शावकों के साथ साथ बफर जोन में घूमती हुई नजर आई थी। जिसके बाद CM अशोक गहलोत ने भी ट्वीट कर खुशी जाहिर की थी। CM ने लिखा कि 'वन में नव जीवन, सरिस्का टाइगर रिजर्व से 2 शावकों के जन्म का सुखद समाचार मिला। अब सरिस्का टाइगर रिजर्व में बाघों की संख्या बढ़कर 30 हो गई है। पर्यावरण हेतु महत्वपूर्ण बाघों के संरक्षण हेतु सरकार प्रतिबद्ध है।'

राजस्थान के चारों टाइगर रिजर्व की स्थिति

जिलारिजर्वटाइगर की संख्या
सवाई माधोपुररणथंभौर टाइगर रिजर्व73+
अलवरसरिस्का टाइगर रिजर्व30
बूंदीरामगढ़ विषधारी टाइगर रिजर्व5
कोटामुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व1