जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।   

राजस्थान में बढ़ रही रेप की घटनाओं के खिलाफ अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने राजस्थान यूनिवर्सिटी में विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस और एबीवीपी कार्यकर्ताओं में झड़प हो गई। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं को लाठियों से पीट दिया। कार्यकर्ताओं ने पथराव किया। घटना दिन में करीब 3 बजे राजस्थान यूनिवर्सिटी के गेट पर हुई। इस पूरी घटना में 6 कार्यकर्ताओं, तीन राहगीरों के साथ दो पुलिसकर्मियों को भी चोट आईं।

लाठियों से पीटने से नाराज कार्यकर्ताओं ने गेट तोड़ बाहर आने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस ने फिर लाठीचार्ज कर एबीवीपी के कार्यकर्ताओं को खदेड़ दिया। जवाब में यूनिवर्सिटी से कुछ छात्रों ने पथराव शुरू कर दिया। विरोध बढ़ने के बाद पुलिस ने 12 एबीवीपी कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस के जवान तैनात हैं।

महिला हिंसा रेप की घटनाएं हर दिन अपने रिकॉर्ड तोड़ रही- हुशियार मीणा

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय मंत्री हुशियार मीणा ने कहा- राजस्थान में कानून व्यवस्था चौपट हो चुकी है। महिला हिंसा रेप की घटनाएं हर दिन अपने रिकॉर्ड तोड़ रही है। कांग्रेस सरकार के नेता अपराधियों को पकड़ने की जगह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज कर रहे हैं। सरकार द्वारा चुनावी साल में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद को बदनाम करने के लिए बेवजह जोधपुर मामले में एबीवीपी के कार्यकर्ताओं का नाम लिया जा रहा है। जबकि हकीकत में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का किसी भी आरोपी से कोई संबंध नहीं है। चुनावी फायदा लेने के लिए पुलिस प्रशासन भी सरकार के दबाव में झूठे आरोप लगाने की कोशिश में जुटा हुआ है। इसका हम पुरजोर विरोध करते हैं।

दरअसल, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद दोपहर 2:30 बजे बड़ी संख्या में यूनिवर्सिटी कैंपस में विरोध मार्च निकालने पहुंचे थे। इसके बाद 3:00 बजे एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने जेएलएन मार्ग पर आने की कोशिश करने लगे। जिसे रोकने के लिए पुलिस ने यूनिवर्सिटी का मेन गेट बंद कर दिया। इससे नाराज होकर एबीवीपी के कार्यकर्ता गेट पर चढ़ गए। जबरन गेट के बाहर आने की कोशिश करने लगे। जिसे रोकने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया।

राहगीरों और पुलिसकर्मियों को भी चोट आई

इस लाठीचार्ज में एबीवीपी के 6 कार्यकर्ताओं को चोट आई है। वहीं, पथराव के दौरान तीन राहगीरों के साथ दो पुलिसकर्मियों को चोट आई है। इसके बाद पुलिस ने एबीवीपी के राष्ट्रीय मंत्री हुशीयार मीणा समेत एक दर्जन कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। फिलहाल बड़ी संख्या में एबीवीपी के कार्यकर्ता राजस्थान यूनिवर्सिटी के मेन गेट पर धरना दे रहे हैं। जहां उन्हें रोकने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस का जाब्ता भी तैनात किया गया है।

घायल कार्यकर्ता हॉस्पिटल से सिर पर पट्टी बंधाकर फिर से धरने में शामिल हुए। इसके बाद प्रदर्शन कर रहे एबीवीपी कार्यकर्ता यूनिवर्सिटी गेट से गांधी नगर पुलिस स्टेशन पहुंच गए। यहां एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने घोषणा की जब तक हिरासत में लिए कार्यकर्ताओं को नहीं छोड़ा जाएगा। एबीवीपी के कार्यकर्ता भूख हड़ताल पर बैठे रहेंगे।

एबीवीपी के प्रांत मंत्री शौर्य जैमन बोले- एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने नहीं किया पथराव। पुलिस के लोगों ने ही पथराव सिविल वर्दी में किया था।