डूंगरपुर ब्यूरो रिपोर्ट। 

डूंगरपुर-बांसवाड़ा सांसद कनकमल कटारा ने कांग्रेस सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। सांसद ने कहा कि कांग्रेस में जहा देखो वहां भ्रष्टाचार हुआ है। कांग्रेस के मुखिया ने भी छूट दे रखी है, जितना लूट सको उतना लूट लो। ये बात खुद कांग्रेस के नेता और मंत्री कहते और करते दिखाई देते हैं। आरपीएससी मेंबर बाबूलाल कटारा को भी यहां के 2 नेताओ ने डेढ़ करोड़ रुपए लेकर मेंबर बनाया। ये दोनों नेता कौन है, जिन्होंने पैसा लिया और जिन्होंने पैसा दिया।

सांसद ने कहा कि बाबूलाल कटारा एक विकास अधिकारी थे, इसके बाद भी इतने बड़े पद तक पहुंच गए। आखिर उनकी योग्यता क्या थी। आरपीएससी मेंबर बनने के बाद वे हर रोज कांग्रेस के मुखिया के घर के चक्कर काटते थे। एक तरह से कांग्रेस के एजेंट बनकर काम रहे थे।

सांसद कनकमल कटारा ने कहा कि आरपीएससी को बदनाम कर दिया। भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया है। भ्रष्टाचार की वजह से ही कांग्रेस के 3 मंत्रियों को हटाना पड़ा। गोविंद सिंह डोटासरा जब मंत्री थे, तब उनके परिवार में सभी आरएएस बन गए। इनके जो रिश्तेदार थे, उनका सलेक्शन कर दिया। ये सब कैसे हो गया। भ्रष्टाचार के बिना ये सब संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का नाम ही अब भ्रष्टाचार हो गया है। भाजपा हमेशा से ही कांग्रेस के भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाते आई है। सांसद कनकमल कटारा ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और सचिन पायलट के बीच लड़ाई के बाद समझौते पर कहा कि सचिन पायलट साढ़े चार साल तक मुख्यमंत्री के खिलाफ आवाज उठाते रहे, लेकिन अब क्या हो गया कि दोनों एक साथ हो गए। इसके बारे में जनता भी जान चुकी है।

आरपीएससी में कांग्रेस नेता ही रिश्वत ले रहे
राज्य घुमंतू बोर्ड के पूर्व चेयरमैन गोपाल केसावत के रिश्वत केस को लेकर सांसद कनकमल कटारा ने कहा की आरपीएससी को कांग्रेस नेताओं ने बदनाम कर दिया है। आरपीएससी में इस तरह का भ्रष्टाचार मचा रखा है कि अब कोई मेंबर नहीं बनना चाहता है। आरपीएससी में 25-25 लाख में पेपर का सौदा होता है। उसमें दलाल और एजेंट शामिल होते हैं। फिर कहते हैं उसमें से 7.50 लाख वापस देने है। ऐसा भ्रष्टाचार आजादी के बाद आज तक किसी भी सरकार में नही हुआ है। कांग्रेस में मंत्री एक दूसरे पर भ्रष्टाचार के आरोप लगा रहे हैं। पायलट और सीएम गहलोत की लड़ाई किसी से छुपी हुई नहीं है। दोनों एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाते थे। यहां तक की नाकारा, निकम्मा और गधा तक बोल दिया था, लेकिन अब दोनों में क्या खिचड़ी पक रही है।

भ्रष्टाचार का पैसा और सोने की ईंट सचिवालय में मिली
बीजेपी सांसद ने जयपुर सचिवालय में अलमारी से 2 करोड़ रुपए और सोने की ईंट मिलने को लेकर भी कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए। कटारा ने कहा कि देश के किसी भी राज्य और लोकतंत्र में ऐसा भ्रष्टाचार पहली बार देखने को मिल रहा है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि सचिवालय में कौन काम करता है। वहां पर कौन बैठता है। ये सब काम कांग्रेस सरकार की मिली-जुली सरकार में हो रहा है। लूटने के अलावा कोई काम नहीं हो रहे हैं। 2014 से पहले देश में कांग्रेस की यूपीए सरकार थी। उस समय भी देश को लूटने का खूब काम हुआ। देश में 2जी घोटाला, चारा घोटाला, कोयला घोटाला ऐसे कई घोटाले हुए, जिससे परेशान होकर लोगो ने देश में नरेंद्र मोदी की सशक्त सरकार बनाने का काम किया।

भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन करेगी भाजपा
भाजपा जिलाध्यक्ष प्रभु पंड्या ने कहा कि भाजपा पूरे प्रदेश में 'नहीं सहेगा राजस्थान' अभियान चला रही है। इसके तहत कांग्रेस शासन के समय हुए भ्रष्टाचार को उठाया जाएगा। इसको लेकर बीजेपी ने एक ब्लैक पेपर भी जारी किया है, जिसमें कांग्रेस शासन के समय हुए भ्रष्टाचार का जिक्र किया गया है। प्रभु पंड्या ने कहा कि अभियान के तहत गांधीजी की मूर्ति के सामने काली पट्टी बांधकर भाजपा की ओर से प्रदर्शन कर कांग्रेस के भ्रष्टाचार को उजागर किया जाएगा। ये अभियान 15 अगस्त तक चलेगा।