अलवर ब्यूरो रिपोर्ट।  

मणिपुर की घटना को लेकर महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शनिवार को अलवर के मिनी सचिवालय के बाहर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला जलाकर विरोध प्रदर्शन किया। मणिपुर में महिलाओं को नग्न घुमाने को लेकर महिला कांग्रेस नेताओं ने गुस्सा जाहिर किया। कहा कि प्रधानमंत्री ऐसी घटना पर भी चुप हैं और वे विदेशों का दौरा कर रहे हैं।

महिला कांग्रेस के आह्वान पर अलवर जिले में भी मणिपुर की घटना पर विरोध प्रदर्शन किया गया। महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष कमलेश सैनी ने कहा कि बीजेपी सरकार महिलाओं की विरोधी है। उनके बड़े नेता महिलाओं को लेकर अपशब्द बोलते रहे हैं।

उन्होंने कहा- अब मणिपुर में महिलाओं को नग्न घुमाया गया। इस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुप है। ऐसे माहौल में संसद में नेताओं को बैठने की बजाय सख्त कदम उठाने चाहिएं। प्रधानमंत्री की जिम्मेदारी है कि ऐसे मामले को सख्ती से लें। वरना अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए।

कमलेश सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी बेटी-बहू की भावनाओं को नहीं समझ रहे हैं। वरना इतनी बड़ी घटना पर वे चुप नहीं रहते। इस कारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला जलाया है। आगे उग्र आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा- पीएम को मणिपुर जाकर महिलाओं काे सांत्वना देनी चाहिए। अगर ये महिलाएं सड़क पर उतर आईं तो सरकार को कोई नहीं बचा पाएगा।

मिनी सचिवालय के बाहर विरोध प्रदर्शन के दौरान काफी संख्या में महिला कांग्रेसी मौजूद थे। महिलाओं ने प्रधानमंत्री का पुतला जलाया और सरकार के विरोध में प्रदर्शन भी किया। इस दौरान पुलिस जाब्ता भी मौजूद रहा। महिलाओं ने मिनी सचिवालय के अंदर जाने का प्रयास किया। लेकिन पुलिस ने उनको बाहर ही रोक दिया।