अलवर ब्यूरो रिपोर्ट। 

पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह के फूल बाग आवास पर शुक्रवार को विधानसभा चुनाव का टिकट चाहने वालों की भीड़ रही। कांग्रेस के नई कार्यकारिणी में जगह पाने वाले समर्थकों के साथ पहुंचे।

जितेंद्र सिंह को मालाएं पहनाई। इस दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री ने मीडिया से कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार ही रिपीट होगी। यदि कांग्रेस सरकार नहीं आई तो सबसे पहली तलवार कर्मचारियों पर ही लटकेगी। क्योंकि ओपीएस लागू करने से कर्मचारी सब गहलोत सरकार से खुश हैं। वे चाहते हैं कि कांग्रेस आए। लेकिन केंद्र सरकार तो ओपीएस को लागू करने के पक्ष में नहीं है। इस कारण राजस्थान में कांग्रेस नहीं आई तो कर्मचारियों की ओपीएस लागू नहीं हो सकेगी।

कनार्टक पैटर्न पर मिलेंगे टिकट, कई सर्वे होंगे

पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि राजस्थान के विधानसभा चुनाव में कर्नाटक पैटर्न पर चुनाव होंगे। यहां उसी आधार पर टिकट मिलेंगे। कई तरह के सर्वे होंगे। उसके बाद जिताऊ व प्रभारी प्रत्याशी उतारे जाएंगे। मैं खुद भी नहीं बता सकता कि कौन चुनाव लड़ेगा। मेरे बारे में भी पार्टी ही तय करेगी। मैं कहीं से भी चुनाव लड़ने के बारे में नहीं कह सकता। हम खुद घोषित नहीं कर सकते हैं।

अलवर को मिलेगा सिलीसेढ़ का पानी

पूर्व मंत्री सिंह ने कहा कि अलवर को पूरा पानी मिलेगा। सिलीसेढ़ से अलवर पानी लाया जाएगा। जयसमंद में भी पूरा पानी आएगा। जिसके लिए काम जारी है। पहले भरतपुर में अधिक पानी जाता था। बीच में सिल्ट अधिक होने से अलवर की तरफ पानी की आवक कम हुई है। लेकिन अब नटनी का बारा से रूपारेल नदी का पानी अलवर की तरफ अधिक आएगा। उसके लिए काम जारी है। सिल्ट भी हटाई गई है।

बड़ी संख्या में जिले के लोग पहुंचे

पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह के आवास फूल बाग पर बड़ी संख्या में जिले भर के लोग पहुंचे। जिनमें कई नए पदाधिकारी अपने समर्थकों के साथ आए। कुछ अन्य टिकट की मांग करने वाले कार्यकर्ताओं के साथ जितेंद्र सिंह का अभिवादन करने आ गए। हर कोई टिकटार्थी सिंह को खुश करने में लगा है। सचिव बने विजेंद्र सिंह भी काफी लोगों के साथ पहुंचे। इस दौरान महासचिव बने अजीत यादव सहित काफी संख्या में कांग्रेसी पहुंचे थे। प्रो रामानंद यादव भी फूल बाग में जितेंद्र सिंह से मिलने गए।