उदयपुर ब्यूरो रिपोर्ट। 

आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजस्थान कांग्रेस ने भी संभाग एवं जिला प्रभारी लगा दिए है। कांग्रेस में जिलाध्यक्षों व प्रभारियों के लगने के साथ ही अब संगठनात्मक रूप से चुनावी तैयारियों में पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को जुटने के लिए जोश भरा जाएगा।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने जारी की सूची में रतन देवासी को उदयपुर संभाग का प्रभारी बनाया है। बांसवाड़ा से आने वाले चांदमल जैन को उदयपुर शहर व जयपुर से आने वाले सुरेश मिश्रा को उदयपुर देहात कांग्रेस का प्रभारी बनाया गया है।

उदयपुर देहात कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष लालसिंह झाला को चित्तौडगढ़़ जिले का तो राजसमंद जिले के भीम विधायक सुदर्शन सिंह रावत को अजमेर ग्रामीण का प्रभारी बनाया गया है। इससे पहले इसी महीने जिलाध्यक्षों की सूची में उदयपुर शहर में फतहसिंह राठौड़ तो देहात में कचरूलाल चौधरी को जिलाध्यक्ष बनाया।

रतन देवासी : सिरोही जिले से आने वाले देवासी अभी कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष है। वे रानीवाड़ा से पहले विधायक रहते हुए सरकार में उप मुख्य सचेतक रहे है। वे जालौर से लोकसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी भी रहे।


चांदमल जैन : प्रदेश कांग्रेस महासचिव है। वे बांसवाड़ा में लम्बे समय तक यूथ कांग्रेस व संगठन के जिलाध्यक्ष रहे।

सुरेश मिश्रा : जयपुर की सांगानेर विधानसभा से आने वाले मिश्रा अभी प्रदेश कांग्रेस महासचिव है। वे सर्व ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी है।