चित्तौड़गढ़ ब्यूरो रिपोर्ट। 

रविवार का दिन जिले में दोनों पार्टियों के लिए पॉलिटिकल डे था। जिला मुख्यालय पर नए कांग्रेस जिलाध्यक्ष का पदभार और निम्बाहेड़ा में भाजपा के पूर्व केबिनेट मंत्री श्रीचंद कृपलानी की जन्मदिन सभा में दोनों के भारी संख्या में समर्थक और कार्यकर्ता मौजूद थे। चुनावी साल में एकता के साथ शक्ति प्रदर्शन का संदेश कसक बन कर रह गया। कृपलानी के जलसे में पूर्व सीएम वसुंधराराजे खास मेहमान और आकर्षण बन कर आईं।

लेकिन उनके साथ कृपलानी को छोड़कर जिले का एक भी बड़ा चेहरा और प्रदेश का कोई विधायक नहीं था। उधर, कांग्रेस में भी जिलाध्यक्ष के पदभार जलसे में प्रदेश के 5 मंत्री और जिले से विधायक राजेंद्रसिंह बिधूड़ी अतिथि थे पर सिर्फ उदयलाल आंजना व सुरेंद्रसिंह जाड़ावत ही आए। जिले के प्रभारी प्रतापसिंह खाचरियावास, राजस्व मंत्री रामलाल जाट और राज्यमंत्री संदीप चौधरी नहीं थे।

जिले में सीएम गहलोत की यात्राओं से लेकर डीसीसी की बैठकों तक बिधूड़ी की लगातार गैर हाजिरी का क्रम नहीं टूटा। जबकि आंजना के बाद वे जिले से एक मात्र कांग्रेस विधायक हैं। हालांकि बाकी क्षेत्रों से पूर्व विधायक या विस प्रत्याशी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। चित्तौड़गढ़ में पदभार ग्रहण करते कांग्रेस जिलाध्यक्ष भैयलाल चौधरी।

कांग्रेस सभा में आंजना-जाड़ावत ने गैर हाजिर बिधूडी की तारीफ कर चौकाया। आंजना बोले कि पायलट की जाति के होते हुए भी बिधूड़ी ने सरकार का साथ दिया। लोकतंत्र की हत्या करने में जुटी भाजपा के मंसूबे सफल नहीं हो पाए। ऐसे कार्यकर्ताओं की ही जरूरत है। जाड़ावत ने कहा कि सीएम गहलोत ने आमजन के लिए खजाना लुटा दिया। चाहे निम्बाहेड़ा हो या बेगूं, और अब कपासन। जहां जो मांगा दिया। जिलाध्यक्ष भैरूलाल चौधरी ने कहा कि आज बिधूड़ी आते, लेकिन बाहर होने के कारण नहीं आ सके। उन्होंने कहा कि वह साथ हैं और अगली बार आएंगे।