जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट। 

नहीं सहेगा राजस्थान अभियान के तहत बीजेपी महिला मोर्चा की कार्यकर्ता कांग्रेसी विधायकों के घरों पर थाली बजाकर प्रदर्शन कर रहीं हैं। इसी कड़ी में जयपुर में UDH मंत्री शांति धारीवाल के सरकारी आवास बाहर प्रदर्शन किया। महिला मोर्चा की कार्यकर्ता धारीवाल के आवास के मेन गेट पर चढ़ गईं और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

लहराई लाल डायरी

महिला कार्यकर्ताओं ने धारीवाल के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लाल डायरी भी लहराई। यहां मौजूद महिला कार्यकर्ताओं का कहना था कि प्रदर्शन के लिए सबसे पहले धारीवाल के आवास को चुना गया। जिसके पीछे उनकी विवादित बयानबाजी है। बता दें कि धारीवाल ने राजस्थान में रेप के मामलों पर कहा था कि यह मर्दों का प्रदेश है। इसी के चलते बीजेपी महिला मोर्चा ने सबसे पहले धारीवाल का सरकारी आवास चुना। यहां भी लाल डायरी का मुद्दा उठाया गया।

महिलाएं कहीं भी सुरक्षित नहीं: रक्षा भंडारी

प्रदर्शन को लेकर महिला मोर्चा की अध्यक्ष रक्षा भंडारी ने बताया कि कांग्रेस की गहलोत सरकार में महिलाएं कहीं भी सुरक्षित नहीं हैं। सड़क से लेकर स्कूल, कॉलेज, कार्यस्थल पर महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के जंगलराज के खिलाफ प्रदेश स्तर पर नहीं सहेगा राजस्थान अभियान चल रहा है।

जिसमें महिला मोर्चा को विधायकों के घरों पर थाली नाद प्रदर्शन करने की जिम्मेदारी मिली हैं। वहीं इस प्रदर्शन के बाद हम शक्ति केन्द्र व मंडल स्तर पर जनसंपर्क करके आमजन को 1 अगस्त को जयपुर में होने वाले प्रदर्शन में आने का आह्वान करेंगे।

युवा मोर्चा निकालेगा मोटरसाइकिल रैली
महिला मोर्चा के प्रदर्शन के अगले दिन गुरुवार को प्रदेश की 200 विधानसभाओं में युवा मोर्चा मोटरसाइकिल रैली निकालेगा। इस रैली में विधानसभा के बीजेपी कार्यकर्ता शामिल होंगे। मोटरसाइकिल रैली को लेकर युवा मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष अंकित चेची ने कहा कि हम मोटरसाइकिल रैली के माध्यम से प्रदेश के युवाओं को जागरूक करने का काम करेंगे।

उन्होंने कहा कि यह सरकार युवाओं के सपनों पर कुठाराघात कर रही है। प्रदेश में हर दिन पेपर लीक हो रहे हैं और बेरोजगारी चरम पर है। ऐसे में प्रदेश का युवा आक्रोशित हैं। इसी को लेकर प्रदेश भाजपा नहीं सहेगा राजस्थान अभियान चला रहा है। जिसमें प्रदेश के युवाओं, महिलाओं, किसानों सहित हर वर्ग के मुद्दे को पुरजोर तरीके से बीजेपी उठा रही है।