भरतपुर ब्यूरो रिपोर्ट। 

राजस्थान में जयपुर और जोधपुर संभाग में देवस्थान विभाग द्वारा देव दर्शन यात्रा के बाद गुरुवार को भरतपुर में देव दर्शन यात्रा शुरू हुई। इसमें राजस्थान की कांग्रेस सरकार में देवस्थान मंत्री शकुंतला रावत ने भाग लिया। नंगे पैर चलकर मंत्री शकुंतला रावत ने देव दर्शन यात्रा की। इस दौरान मंत्री सुभाष गर्ग देव दर्शन यात्रा में जमकर थिरके।

इस मौके पर कांग्रेस सरकार के मंत्री शकुंतला रावत ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा- क्या भाजपा ने भगवान राम या देवी देवता का कॉन्ट्रैक्ट ले रखा है। क्या वाल्मीकि ऋषि से पहले भाजपा थी। ईश्वर किसी पार्टी विशेष का नहीं होता है, बल्कि ईश्वर एक शक्ति है, और हर धर्म में इंसान का सर झुकता है।


उन्होंने कहा- हमारा भारत देश धर्मनिरपेक्ष देश है जहां असमानता में भी एकता है। राजस्थान में हर 50 किलोमीटर की दूरी पर दूसरी भाषा बोली जाती है और पहनावा बदल जाता है।

उन्होंने कहा- फिलहाल राजस्थान में भाजपा के पास कोई मुद्दा नहीं है, क्योंकि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने उनके लिए कोई मुद्दा ही नहीं छोड़ा है। जब बजट पेश हुआ तो भाजपा के विधायक भी कुर्सी पर चढ़कर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को बधाई दे रहे थे।

देव दर्शन पद यात्रा के जरिए हमारे प्राचीन मंदिर और उनके इतिहास के बारे में लोगों को जानकारी मिले। जयपुर जोधपुर उदयपुर के बाद अब भरतपुर में देव दर्शन पदयात्रा कर रहे हैं।