चितौड़गढ़ - गोपाल चतुर्वेदी 

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी ने कहा है कि कांग्रेस सरकार में पूर्व मंत्री और विधायक राजेंद्र गुढा को जिस तरह से विधानसभा में लाल डायरी को लेकर अपने वक्तव्य से देने से रोका गया है उससे यह साफ जाहिर होता है कि इस लाल डायरी में कांग्रेस सरकार के काले कारनामों के कई राज लिखे हुए हैं। और यही लाल डायरी आने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का सूपड़ा साफ करने में सहायक सिद्ध होगी और एक बार फिर से प्रदेश में स्पष्ट बहुमत के साथ भाजपा की सरकार बनेगी। 

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी सोमवार देर शाम चित्तौड़गढ़ पहुंचे जहां पर उन्होंने भाजपा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष मिट्ठू लाल जाट के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विगत कुछ दिनों से पूरे प्रदेश में लाल डायरी की चर्चा जोरों से है। आखिर इस लाल डायरी का राज क्या है?  इसी राज को उजागर करने के लिए सोमवार को अशोक गहलोत सरकार के पूर्व मंत्री और वर्तमान विधायक राजेंद्र गुढा ने जब बोलने का समय मांगा विधानसभा अध्यक्ष नें उन्हें बोलने से रोका और उनके साथ कांग्रेस के विधायकों ने जिस तरह से बदसलूकी की है वह अशोभनीय है। आने वाले विधानसभा चुनाव में यही लाल डायरी कांग्रेस के ताबूत में अंतिम कील साबित होगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं मानते हैं कि उनकी कुर्सी बचाने वाले गुढा है और ऐसे में क्या कारण है कि उन्होंने नारी की सुरक्षा को लेकर सरकार को सही आईना दिखाने वाले व्यक्ति को हटाकर उसे बचाया है और जिसने दुष्कर्म को लेकर कहा है कि राजस्थान मर्दों का प्रदेश है। अभी तक लोगों ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को गले लगाया हुआ है पर इससे सरकार का दोहरा चरित्र सामने आ रहा है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी रंधावा ने शंख, संत और माता का अपमान किया है जो कि हमारे संस्कृति का अपमान है। शायद रंधावा को नहीं पता की मां अपनी शिक्षा और संस्कार अपने बेटे को अच्छी तरह से देती है। इसलिए एक गरीब मां की कोख से पैदा हुआ व्यक्ति भारत माता के वैभव को पूरी दुनिया में बढा रहा है। आखिर कांग्रेस को किस बात का दर्द है ?  उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति पर चोट करने वालों को प्रदेश की जनता कभी माफ नहीं करेगी।  उन्होंने कहा पूरे प्रदेश में जिस तरह से कानून व्यवस्था धरातल पर है, महिलाओं के उत्पीड़न के मामले में राजस्थान पूरे देश में नंबर 1 पर है और जिस तरह से वर्ष 2018 में कांग्रेस ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में जो वायदे किए थे उनमें से कोई भी वायदा पूरा नहीं किया गया। जिसके कारण प्रदेश की जनता कांग्रेस को उखाड़ फेंकने का मन बना चुकी है। 

इस अवसर पर चित्तौड़गढ़ जिला प्रमुख डॉ सुरेश धाकड़, पूर्व मंत्री श्री चंद कृपलानी,  नवनियुक्त जिलाध्यक्ष मिट्ठू लाल जाट, निवर्तमान जिला अध्यक्ष गौतम दक, बड़ीसादड़ी विधायक ललित ओस्तवाल, कपासन विधायक अर्जुनलाल जीनगर सहित भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।