जोधपुर ब्यूरो रिपोर्ट। 

केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने बुधवार को प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर जुबानी हमला बोला। उन्होंने कहा कि इस सरकार को अब प्रदेश की जनता और नहीं सहन करेगी। भाजपा की सरकार आती है तो आरपीएससी मुद्दे की ठीक से जांच करवाएंगे और अभी जो मंत्री बने बैठे हैं उनको भी जेल जाना पड़ सकता है। गहलोत सरकार पर तुष्टीकरण का आरोप लगाते हुए शेखावत ने कहा कि यह सरकार औरंगजेब के रास्ते पर चल रही है।

बुधवार को मेडिकल कॉलेज चौराहे पर 'नहीं सहेगा राजस्थान' अभियान के तहत आयोजित सभा में केन्द्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि इस सरकार ने किसानों, युवाओं, महिलाओं से वादे किए गए थे। लेकिन सरकार के अस्तित्व में आते ही कांग्रेस में जिस तरह से किस्सा कुर्सी का शुरू हो गया और साढ़े चार साल से यही चल रहा है।

पेपरलीक में नेता भी और अधिकारी भी

शेखावत ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के उस बयान पर पलटवार किया, जिसमें गहलोत ने कहा था कि पेपर लीक प्रकरण में न कोई नेता है और न ही कोई अधिकारी। शेखावत बोले, सत्रह पेपरलीक हुए, तब तक गहलोत कहते थे, न अधिकारी और न कोई मंत्री शामिल है, लेकिन अब अधिकारी भी पकड़ा गया और नेताजी भी। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के परिवार के चार-चार लोग आरएएस बन गए। आठवीं में तीन बार फेल होने वाले आरएएस बन जाते हैं।

सबसे ज्यादा रेप राजस्थान में

शेखावत ने कहा कि यह सरकार महिला विरोधी है? एक तरफ मोदी सरकार है, जो महिलाओं की इज्जत करती है। लेकिन इस सरकार में महिलाओं के साथ बलात्कार हो रहे हैं। सबसे ज्यादा रेप राजस्थान में हो रहे हैं। अभी पिछले दिनों जोधपुर में नाबालिग के साथ बलात्कार हुआ। कुछ युवकों ने आरोपियों को पकड़कर पुलिस को सौंपा। अब पुलिस अपनी पीठ थपथपा रही है।

सरकार को उखाड़ फेंकने का लिया संकल्प

राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत ने प्रदेश में अराजकता, भ्रष्टाचार, लूट, महिला शोषण, बाल अपराध, बेरोजगारी, किसान से छल, बिगड़ी कानून-व्यवस्था को लेकर कांग्रेस सरकार के खिलाफ आवाज बुलन्द की। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भ्रष्ट सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प किया। धरने को जिला अध्यक्ष देवेंद्र सालेचा, महापौर वनिता सेठ, जिला संयोजक राजेन्द्र पालीवाल ने सम्बोधित किया।