करौली ब्यूरो रिपोर्ट। 

उच्च शिक्षा आयोजना गृह और न्याय विभाग राज्यमंत्री राजेंद्र प्रसाद यादव बुधवार को करौली क्षेत्र के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने डांग क्षेत्र में नदी पुनर्जीवन योजना का निरीक्षण किया। मासलपुर क्षेत्र के महाराजपुरा गांव में तरुण भारत संघ की ओर से आयोजित ग्रामीणों के साथ नदी पुनर्जीवन लोक चिन्तन कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने पार्वती-सेरनी पुस्तक का विमोचन भी किया। राज्य मंत्री ने तरुण भारत संघ और ग्रामीणों द्वारा महाराजपुरा, भूरखेड़ा गांव में एनीकट और केसपुरा गांव में पुनर्जीवित सेरनी नदी का अवलोकन किया।

इस दौरान उन्होंने जल संरक्षण और नदी पुनर्जीवन के लिए किए गए कार्यों के लिए जलपुरुष राजेन्द्र सिंह की सराहना की। उन्होंने कहा कि जलपुरुष राजेन्द्र सिंह ने डांग क्षेत्र के ग्रामीणों में नदी पुनर्जीवन और जलसंरक्षण की अलख जगाई। क्षेत्र में पानी की कमी को दूर करने के लिए तरुण भारत संघ ने ग्रामीणों की मदद से जल संरक्षण कार्य कर नदी पुनर्जीवन का कार्य किया है। उसी का परिणाम है, लोगों के जीवन स्तर में सुधार हुआ है। इतना बड़ा क्षेत्र हरा भरा हो गया है। यहां आने से पहले जो उन्होंने सोचा उससे तीन गुना अधिक कार्य मिला है।

इस दौरान राजेन्द्र सिंह और ग्रामीणों ने बताया कि यह नदी सूखी और बंजर थी। पहले यहां असिंचित क्षेत्र में खेती होती थी। सिंचाई के कोई साधन नहीं थे। केवल 10 प्रतिशत भूमि पर ही कृषि होती थी। कृषि वर्षा पर निर्भर थी। वहां एक फसली खेती होती थी। एनीकट निर्माण से गांवों से शहरों की ओर लोगों का पलायन रुक गया है। पलायन कर चुके परिवार भी अब अपने गांव वापस लौटने लगे हैं। इस दौरान यादव ने ग्रामीणों से बच्चों को शिक्षा से जोड़ने की अपील की। ग्रामीणों की मांग पर ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था में सुधार और महाराजपुरा से मड़ासिल गांव तक 8 किमी सड़क निर्माण के लिए आश्वस्त किया।