अजमेर ब्यूरो रिपोर्ट। 

देश का पहले इलेक्ट्रिक क्रूज राजस्थान में चलेगा। ये क्रूज लगभग तैयार हो चुका है और अगस्त तक ये लोगों के लिए शुरू कर दिया जाएगा। ये क्रूज अजमेर के अनासागर झील में चलेगा। हालांकि, इसमें अभी रूफटॉप और इंजन का काम बाकी है।

ये सारा काम झील में ही होगा और इसके बाद ये आमजन के लिए खोल दिया जाएगा। इस क्रूज को गोवा की बोट क्राफ्ट प्राइवेट लिमिटेड कंपनी ने बनाया है। इस क्रूज में आप पार्टी भी कर सकेंगे और यहां के कैफे में कई लजीज जायकों का आनंद ले पाएंगे। इससे पहले बुधवार की रात इस क्रूज को झील में उतार दिया गया है।

2 फ्लोर का क्रूज, 150 लोगों के बैठने की कैपेसिटी

ये डबल डेकर क्रूज है जो 2 फ्लोर में तैयार किया गया है। इस पूरे क्रूज को 8×22 मीटर में तैयार किया गया है।

पहला फ्लोर: ये पूरी तरह से एयर कंडीशनर होगा। इसमें एक किचन के साथ महिला और पुरुष के लिए अलग-अलग बाथरूम होगा। इसी फ्लोर पर डांस फ्लोर तैयार किया गया है। यहां डिस्को लाइट भी लगाई है।

दूसरा फ्लोर: ये क्रूज का रूफटॉप वाला हिस्सा होगा। रूफटॉप पर छोटा किचन तैयार किया गया है। इन दोनों फ्लोर पर 150 लोगों के बैठने की व्यवस्था होगा।