जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट। 

प्रदेश चुनाव प्रभारी केन्द्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने दिनभर बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं की मैराथन बैठकें ली। चुनाव प्रभारी बनाए जाने के बाद आज पहली बार केन्द्रीय मंत्री जयपुर पहुंचे थे। इन बैठकों में प्रभारी ने नेताओं और कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर चुनाव लड़ने की नसीहत दी। वहीं जीत के प्रति अति आत्मविश्वास से बचने के लिए भी कहा।

प्रह्लाद जोशी ने नेताओं से कहा "डॉट बी ओवर कॉफिडेंट"। उन्होने कहा जीत के प्रति आश्वस्त रहकर उत्साह के साथ काम करें। लेकिन अति उत्साह और आत्मविश्वास से भी बचे। आज केन्द्रीय मंत्री ने सुबह बीजेपी जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, विधानसभा प्रभारी व विधानसभा संयोजकों की बैठक ली। उसके बाद उन्होंने नवनियुक्त बीजेपी पदाधिकारियों की बैठक ली। इसके बाद अंत में उन्होंने बीजेपी कार्यालय में भाजपा पार्षदों व जयपुर के कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित किया।

सफलता के वीडियो का जवाब विफलता के वीडियो से
एक तरफ गहलोत सरकार सोशल मीडिया पर अपनी साढ़े चार साल की सफलता व सरकार की योजनाओं के वीडियो चला रही हैं। वहीं वीडियो कॉन्टेस्ट करवाकर जनता को ईनाम भी बांट रही हैं। आज चुनाव प्रभारी की बैठक में बीजेपी ने तय किया है कि वह सरकार के वीडियो कॉन्टेस्ट का जवाब वीडियो से ही देगी। इसे लेकर बीजेपी गहलोत सरकार की विफलताओं के वीडियो तैयारी करेगी। जिसे वह सोशल मीडिया के जरिए लोगों तक पहुंचाएगी। इसे लेकर बीजेपी कार्यकर्ताओं को बूथ लेवल पर जाकर महिला अपराध, किसान कर्ज माफी, पेपरलीक सहित अन्य मुद्दों पर छोटे-छोटे वीडियो बनाने का टास्क दिया जाएगा।

सोशल मीडिया पर कांग्रेस की सक्रियता की चर्चा
चुनाव प्रभारी की बैठक में कांग्रेस पार्टी की सोशल मीडिया पर सक्रियता की भी चर्चा हुई। चुनाव प्रभारी प्रह्लाद जोशी ने कहा कि आज चुनाव लड़ने की रणनीति बदल गई हैं। अब कांग्रेस भी सोशल मीडिया पर आ गई हैं। लेकिन हमारी मजबूती बूथ हैं। ऐस में सोशल मीडिया पर एक्टिव रहते हुए बूथ लेवल पर भी काम करना होगा।

झूठ बोलकर चुनाव जीतना कांग्रेस के डीएनए में
इससे पहले सुबह चुनाव प्रभारी प्रह्लाद जोशी ने एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए कहा कि झूठ बोलकर चुनाव जीतना कांग्रेस के डीएनए में हैं। कर्नाटक में भी इन्होंने जनता से झूठे वादें किए। जिसे जनता दो महीने में ही समझ गई। जनता इन्हें ऐसा सबक सिखाएगी कि उसे राजनीति के इतिहास में याद रखा जाएगा।

उन्होंने कहा कि राजस्थान में कानून व्यवस्था खऱाब हैं। महिला अपराध में राजस्थान नम्बर-1 हैं। इसके खिलाफ प्रदेश भाजपा ने आंदोलन शुरू किया हैं। जिसे आमजन का अच्छा रेस्पोंस मिल रहा है। हम ओर बेहतर तरीके से जनता के बीच जाएंगे औऱ आने वाले विधानसभा चुनावों में राजस्थान में दो तिहाई बहुमत से सरकार बनाएंगे।

कार्यकर्ता का पसीना कांग्रेस की जड़ों में तेजाब डालने का काम करेगा
बैठक को संबोधित करते हुए बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने प्रदेश चुनाव प्रभारी प्रह्लाद जोशी को बताया कि यह वो टीम है, जिसने साल 2014 और 2019 में प्रदेश से 25 के 25 सांसद जीताकर भेंजे। लेकिन केवल डेढ़ लाख वोटों के अंतर से जीतकर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बन गई। लेकिन इस सरकार ने प्रदेश को विकास में बहुत पीछे कर दिया। आज प्रदेश की कानून व्यवस्था चरमराई हुई हैं। आज सुबह ही एक व्यक्ति को तलवार से काटने की घटना पढ़ी। हिंडौन में दलित युवती की लाश कुएं में मिली। इन सब घटनाओं में बीजेपी का कार्यकर्ता पीड़ित के साथ खड़ा नज़र आता हैं। सीपी जोशी ने कहा बीजेपी कार्यकर्ता का पसीना कांग्रेस सरकार की जड़ों में तेजाब डालने का काम करेगा।