हनुमानगढ़ - विश्वाश कुमार 

भाखड़ा ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड की बैठक चंडीगढ़ मे बुधवार को होगी।सुबह साढ़े ग्यारह बजे होने वाली बैठक में राजस्थान का प्रतिनिधित्व जल संसाधन विभाग हनुमानगढ़ के मुख्य अभियंता अमरजीत सिंह मेहरड़ा करेंगे।बैठक में अगस्त महीने में राजस्थान की नहरों में चलने वाले सिंचाई पानी निर्धारित किया जाएगा। इससे पहले मुख्य अभियंता अमरजीत मेहरड़ा ने मंगलवार को पंजाब व बीबीएमबी अधिकारियों को इंडेंट भेजकर राजस्थान की नहरों के लिए 13500 क्यूसेक पानी देने की मांग रखी। इसके बाद हरिके हैड से राजस्थान की नहरों के लिए पानी बढ़ाने का क्रम शुरू हो गया।

मुख्य अभियंता ने बताया कि मंगलवार शाम को 2700 क्यूसेक पानी चल रहा था। सुरक्षा को देखते हुए धीरे-धीरे पानी की मात्रा बढ़ाई जा रही है। उन्होंने बताया कि 31 जुलाई से इंदिरागांधी नहर का नया रेग्यूलेशन लागू किया जाएगा। इंदिरागांधी नहर में सिंचाई पानी चलाया जा सके, इसके लिए इंडेंट भेज दिया गया है। इसके बाद पानी बढऩे का क्रम शुरू हो गया है। इंदिरागांधी नहर में 9500 क्यूसेक पानी चलाकर इसे चार में दो समूह में चलाने की तैयारी है।

नया रेग्यूलेशन तैयार कर इसे मंजूरी के लिए सिंचित क्षेत्र आयुक्त को भिजवाया गया है। मुख्य अभियंता ने बताया कि धीरे-धीरे इंदिरागांधी नहर में पानी की मात्रा बढ़ रही है। पानी बढऩे पर पहले दो-तीन दिन पेयजल के लिए चलाएंगे। इसके बाद रेग्यूलेशन के अनुसार सिंचाई पानी चलाएंगे। पूर्व में तीन में एक समूह में नहरें चल रही थी। इससे पूर्व में सिंचाई पानी से वंचित नहरों को नए रेग्यूलेशन में प्राथमिकता से शामिल किया गया है। इंदिरागांधी नहर से हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, चूरू, बीकानेर, नागौर, जैसलमेर, जोधपुर सहित प्रदेश के बारह जिलों में जलापूर्ति होती है।