अजमेर ब्यूरो रिपोर्ट। 

राजस्थान लाेक सेवा आयोग (RPSC) का घेराव करने पहुंचे भाजपा युवा मोर्चा (भाजयुमो) कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। पुलिस ने बैरिकेड्स पर चढ़े प्रदर्शनकारियों को नीचे गिरा गया। लाठीचार्ज में युवा मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष अंकित चेची समेत 22 घायल हो गए। इस दौरान पुलिस ने प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी, सांसद बालकनाथ को पकड़ लिया।

अजमेर में मंगलवार को 'नहीं सहेगा राजस्थान' के तहत भारतीय जनता युवा मोर्चा का सुबह 10 बजे विरोध-प्रदर्शन का कार्यक्रम था। अजमेर बोर्ड कार्यालय के पीछे गेट के पास पहले सभा की गई। सभा में नेताओं ने पेपरलीक को युवाओं के साथ खिलवाड़ बताया। सरकार पर जमकर निशाना साधा। इसके बाद सभी नेता और कार्यकर्ता सभास्थल से आरपीएससी कार्यालय के लिए रवाना हुए।

दोपहर 3 बजे प्रदर्शन कर रहे लोगों को आरपीएससी कार्यालय से करीब 500 मीटर पहले घूघरा घाटी चढ़ने से पहले बैरिकेड्स लगाकर रोक लिया गया। प्रदर्शन कर रहे लोगों की पुलिस जाब्ते से धक्का-मुक्की हुई। जिन्हें लाठीचार्ज कर पुलिस ने खदेड़ दिया।

भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष घायल हुए
इसी दौरान भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष अंकित चेची घायल हो गए। पुलिस प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी,सांसद बालकनाथ, भाजयुमो राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या, युवा मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष, अजमेर जिलाध्यक्ष राहुल जायसवाल सहित अन्य कार्यकर्ता को पकड़कर ले गई। थोड़ी दूर ले जाने के बाद पुलिस ने सभी को छोड़ दिया।


जोशी बोले- तीन माह बाद भाजपा सरकार, पेपर चोरों को सजा देंगे

इससे पहले सभा में प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा- कांग्रेस ने सत्ता में आने के लिए कई वादे किए, लेकिन धोखा दिया। बेरोजगारी भत्ता देंगे, लेकिन दिया नहीं। संविदाकर्मी को नियमित करेंगे, लेकिन आज सड़कों पर आंदोलन कर रहे हैं। युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। इस कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकूंगा।

तीन माह बाद भाजपा सरकार आने वाली है। पेपर चोर का गुनाह किया है, वो कहीं भी छुप जाए, उनको बिल से निकालकर सजा देंगे। अफसर भी सुन लें, राजस्थान में भाजपा सरकार आने वाली है। सही को सही करें, अन्यथा ये कार्यकर्ता छोडे़ंगे नहीं। यह आंदोलन है। हंगामा खड़ा करना मकसद नहीं। ये सरकार बदलनी चाहिए। उन्होंने हाथ खडे़ करवाकर सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया। इससे पहले शहर भाजपा युवा मोर्चा की ओर से सरकार की शवयात्रा निकाली गई।

सांसद बोले- कांग्रेस का काम चोरी करना है, भलाई करना नहीं
सांसद बालकनाथ ने कहा- कांग्रेस सरकार का काम चोरी करना है, भलाई करना नहीं। साढे़ चार साल में पेपरलीक कर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया। चुनाव सिर पर है तो कार्रवाई का दिखावा कर रही है। जनता इनको माफ नहीं करेगी। ये पहले पकड़ते हैं। फिर उनको जमानत पर छुड़ाने के लिए प्रयास शुरू कर देते हैं।

बाबूलाल कटारा को पेपरलीक में पकड़ा, लेकिन न तो उसके घर पर बुलडोजर चलाया। न संपत्ति कुर्क की। कांग्रेस जनता को बहलाती है। इसके बहलावे में अब जनता नहीं आएगी। इस सरकार ने लूटने का काम किया है। जो बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

युवा मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष अंकित चेची ने कहा- युवा मोर्चा का यह प्रदर्शन राजस्थान लोक सेवा आयोग के दलाल को बाहर निकालकर फेंकने का काम करेगा। कभी कौनसा पेपरलीक तो कभी कौनसा, यह सरकार एक भी पेपर ढंग से नहीं करवा पाई। इस पेपरलीक में कांग्रेस नेता और आयोग सदस्य तक पकडे़ गए। यह युवा विरोधी सरकार है और अब इसके दिन पूरे हुए। कार्यकर्ता कमर कस ले और सरकार को उखाड़ फेंकें।

आयोग ने एसपी को सुरक्षा को लेकर लिखा था लेटर
आरपीएससी ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के लिए एसपी को पत्र भेजा था। आयोग में RAS 2021 के इंटरव्यू चल रहे हैं। स्कूल लेक्चरर परीक्षा के भूगोल विषय की काउंसलिंग जारी है। बता दें कि आयोग परिसर के 300 मीटर के दायरे में धारा 144 लगी है। प्रदर्शन को देखते हुए अजमेर जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए गए थे।