बांसवाड़ा ब्यूरो रिपोर्ट। 

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता विश्व आदिवासी दिवस नौ अगस्त को बांसवाड़ा दौरे पर आएंगे। इसकी तैयारियों को लेकर जल संसाधन मंत्री महेंद्रजीत सिंह मालवीया, जनजाति विकास राज्यमंत्री अर्जुन सिंह बामणिया, प्रशासन के अधिकारी एवं पुलिस अधिकारियों ने गोविंद गुरु कॉलेज के सामने स्थित खेल स्टेडियम का जायजा लिया एवं तैयारियों को लेकर अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ चर्चा की।

जल संसाधन मंत्री महेंद्रजीत सिंह मालवीया ने बताया कि मुख्यमंत्री की ओर से संदेश प्राप्त हुआ है कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी सहित मुख्यमंत्री और कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी का विश्व आदिवासी दिवस के मौके पर बांसवाड़ा का द्वारा प्रस्तावित है। इसको लेकर तैयारियां अभी से शुरू कर दी गई हैं। इस अवसर पर जिला कलेक्टर प्रकाश चंद्र शर्मा, पुलिस अधीक्षक अभिजीत सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद रहे और प्रस्तावित दौरे को लेकर अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।