टोंक ब्यूरो रिपोर्ट। 

टोंक रियासत के 7 नवाबों की वंशावली अगले महीने प्रकाशित होगी। यह एक पुस्तक में ही प्रकाशित होगी। इसमें सभी सातों नवाबों के शासन काल के विभिन्न बिंदुओं का जिक्र है। इसके लेखक का दावा है कि टोंक के नवाब खानदान की ये पहली वंशावली पुस्तक होगी, जिसमें 7 नवाबों की अब तक की वंशावली को जाना जा सकेगा। इसके लिए रविवार को डाक बंगला में बैठक आयोजित हुई, जिसमें इसके प्रकाशन की बात कही गई है।

जानकारी के अनुसार टोंक रियासत की विधिवत स्थापना नवंबर 1817 में हुई थी। पहले नवाब अमीर खां से लेकर 131 साल तक नवाबों ने शासन किया। अब उनकी वंशावली का प्रकाशन एक पुस्तक की शक्ल में साहबजादा मोहम्मद नईम खां द्वारा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि नवाबों के अब तक के वंशजों के बारे में विस्तार से जानकारी मिल सकेगी। अरबी-फारसी शोध संस्थान के साथ ही कई पुस्तकों एवं सरकारी दस्तावेजों से जानकारी हासिल करके ये वंशावली पुस्तक तैयार की गई है। इस मौके पर नगर परिषद के पूर्व उप सभापति सलीमुद्दीन खान ने भी इस पुस्तक के बारे में जानकारी साझा करते हुए इसे एक अच्छा कदम और आवश्यक कार्य बताया। जयपुर के पूर्व पार्षद जाकिर खान, साहबजादा अख्तर जंग आदि ने भी बैठक में अपने विचार व्यक्त किए। इस मौके पर मोहम्मद सलीम, इशरत अली खां आदि मौजूद रहे।