अजमेर ब्यूरो रिपोर्ट। 

किशनगढ़ में मार्बल उद्यमी से धोखाधड़ी कर 29 लाख हड़पने का मामला सामने आया है। आरोपी पंजाब का व्यापारी है। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी ने 32 लाख का मार्बल खरीदकर केवल 3 लाख दिए। आरोपी की ओर से दिए गए चेक भी बाउंस हो गए। मदनगंज थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

आजाद नगर, डाक बंगले के पास, मदनगंज-किशनगढ़ निवासी मुकेश यादव पुत्र रामरतन यादव (41) ने रिपोर्ट देकर बताया कि कपूरथला पंजाब के बाबा मार्बल्स के मालिक बलवीर सिंह से व्यापारिक संबंध रहे थे। ऐसे में उसे 32 लाख का मार्बल पत्थर उधार बेचा। पत्थर मार्बल एरिया किशनगढ़, फिरोजपुर और लुधियाना से खरीदा। जिसके लिए 3 लाख रुपए दे दिए लेकिन 29 लाख बकाया थे।

पीड़ित मार्बल उद्यमी ने बताया कि इसके लिए 15 चेक अलग-अलग तारीखों के दिए गए। चेक बाउंस हो गए तो बलवीर सिंह से बात की लेकिन वह लगातार टालमटोल करता रहा। बलवीर सिंह ने बेईमानीपूर्वक धोखाधड़ी करने की नीयत से फर्जी इकरारनामा तैयार कर परिवादी की रकम हड़प की है। मदनगंज थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।