उदयपुर ब्यूरो रिपोर्ट। 

उदयपुर में सुबह से रिमझिम बारिश का दौर जारी है। शहर से सटे बड़ी ग्राम पंचायत में बड़ी तालाब लबालब हो गया है। करीब 32 फीट क्षमता वाले इस तालाब पर मंगलवार को रपट चली। जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंच रहे हैं। तालाब का पानी ऊपली बड़ी, हवाला कलां होते हुए फतहसागर झील में पहुंच रहा है।

लगातार दूसरे साल ओवर फ्लो

बड़ी पंचायत के सरपंच मदन पंडित का कहना है कि 2006 के बाद गत वर्ष तालाब भरा था और इस साल फिर से तालाब ओवरफ्लो हो गया है। बड़ी ग्राम पंचायत ही इसका रखरखाव करती है। तालाब में एक गेट लगा हुआ है। पानी की अधिक आवक होने पर या फिर किसानों को पानी की आवश्यकता पड़ने पर गेट को खोला जाता है। सरपंच का कहना है कि अभी तीन -चार इंच की रपट चल रही है। जब दो फीट से ज्यादा पानी चलने लगता है तब पंचायत निर्णय करके गेट खोलती है। हाल ही में पंचायत ने मुंबई से एक्सपर्ट बुलाकर गेट को सही करवाया है।

फतहसागर से पानी उदयसागर जा रहा
फतहसागर झील के चार गेट खुले हुए हैं। मदार नहर से पानी की आवक होने के साथ ही अब इसका पानी सीधे आयड़ होकर उदयसागर झील में जा रहा है। उदयसागर के गेट भी खुले हुए है। जिससे पानी वल्लभनगर बांध में पहुंच रहा है। साढ़े उन्नीस फीट क्षमता वाले वल्लभनगर बांध का जलस्तर 16.11 फीट हो गया है।

उदयपुर में सुबह से बारिश
उदयपुर शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में रुक-रुक कर रिमझिम बारिश हो रही है। इधर, बीते चौबीस घंटे में उदयपुर जिले में गोगुंदा में 9, खेरवाड़ा में 8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

अब तक ये जलाशय ओवरफ्लो हो चुके

  1. बड़ी तालाब
  2. उदयसागर (उदयपुर)
  3. साबरमती (कोटड़ा)
  4. स्वरूपसागर (उदयपुर)
  5. फतहसागर (उदयपुर)
  6. जोगीवड़ (कोटड़ा)
  7. केजड़
  8. रेठ का नाका (गोगुंदा)
  9. देवास स्टेज प्रथम
  10. सुखेर का नाका
  11. चावंड (सलूंबर)
  12. घोड़ा खोज (ऋषभदेव)
  13. झाड़ोल (झाड़ोल)
  14. बुझ का नाका (गोगुंदा)
  15. भूधर (ऋषभदेव)
  16. सोम पिकअप वियर (ऋषभदेव)