चित्तौड़गढ़ - गोपाल चतुर्वेदी 
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने पार्टी में किसी भी तरह के अंतर कलह होने से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि पार्टी एकजुटता के साथ जिताऊ उम्मीदवारो को टिकिट देने के साथ इस वर्ष के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव लड़ेगी और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नेतृत्व में एक बार फिर से प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी।
कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा अल्प प्रवास के लिए चित्तौड़गढ़ पहुंचे जहां पर सर्किट हाउस पहुंचने पर उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। जिसमें उन्होंने पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को इस वर्ष के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव में जुट जाने का आह्वान किया साथ ही उन्होंने कहा कि जिस तरह से पिछले साढे 4 सालों में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की ओर से जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई गई है उसका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं को जुट जाना चाहिए l 
इसके पश्चात मीडिया से रूबरू होते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस में किसी भी तरह की कोई गुटबाजी नहीं है यह सिर्फ मीडिया की उपज है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पार्टी एकजुट है और एकजुटता के साथ विधानसभा चुनाव लड़ेगी और चौथी बार मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नेतृत्व में सरकार बनाने में कामयाब होगी। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को प्रदेश भाजपा की गुटबाजी दूर करने के लिए बार-बार राजस्थान का दौरा करना पड़ रहा है। लेकिन गुटबाजी दूर करने में कामयाबी नहीं मिल रही है
उन्होंने भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा में मुख्यमंत्री पद के दावेदारों में आधा दर्जन से अधिक उम्मीदवार हैं जिसमें प्रमुख रूप से राजेंद्र सिंह राठौड़, वसुंधरा राजे,गजेंद्र सिंह शेखावत सहित कई अन्य इस लाइन में दिखाई दे रहे हैं लेकिन उनके मंसूबे कामयाब नहीं होंगे और प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि जिस तरह से सरकारी कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर हड़ताल कर रहे हैं जो सही नहीं है। उन्हें किसी भी तरह की समस्या और मांगे हैं तो सीधे मुख्यमंत्री संबंधित मंत्री या फिर उनसे मिलकर वार्ता कर सकते हैं। महंगाई शिविरों के बारे में उन्होंने कहा कि महंगाई राहत शिविरों से आमजन को बहुत लाभ मिल रहा है और जनता सरकार की योजनाओं का लाभ लेने के लिए रजिस्ट्रेशन भी करवा रही है। यह आंकड़ा अब 5 करोड़ को पार कर गया है।
इस अवसर पर सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना ने कहा कि इस वर्ष के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव में सर्वे कराकर योग्य उम्मीदवार को टिकट दिया जाना चाहिए। जिसमें जो भी उम्मीदवार टिकट लेकर आएगा उसको जिताने की जिम्मेदारी पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की रहेगी। इसमें किसी भी तरह का भाई भतीजावाद नहीं होना चाहिए और जिताऊ उम्मीदवार को ही टिकट मिलना चाहिए।
इससे पहले सर्किट हाउस पहुंचने पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा का डेयरी चेयरमैन बद्रीलाल जाट जगपुरा, प्रमोद सिसोदिया,प्रेम प्रकाश मूंदड़ा सहित कई पदाधिकारियों ने स्वागत किया।