जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
प्रदेश नेतृत्व में बदलाव की अटकलों के बीच कांग्रेस हाईकमान ने आगामी कार्यक्रम और पदाधिकारियों की नियुक्ति की जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी की ओर से आगामी दो माह के कार्यक्रमों को लेकर प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा को टास्क दिया गया है। इसके अलावा डोटासरा से शेष रहे मंडल और ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति का काम भी पूरा करने को कह दिया गया है। इन दिनों कांग्रेस हाईकमान चुनाव वाले पांचों राज्यों को लेकर बैठकें कर रहा है। इसी संदर्भ में पिछले दो दिनों में राजस्थान को लेकर भी बैठकें हुई हैं। इन्हीं बैठकों के साथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल से प्रदेश नेतृत्व ने मुलाकात की है। इस मुलाकात के दौरान ही अध्यक्ष खरगे ने डोटासरा को आगामी जिम्मेदारी भी दे दी है।
इंतजार: जिलाध्यक्ष और प्रदेश पदाधिकारियों की सौंपी सूची
कांग्रेस में लंबे समय से 13 जिलों को छोड़ शेष जिलों में अध्यक्ष नहीं बने हैं। दो दिन चली बैठकों के दौर के बीच प्रदेशाध्यक्ष डोटासरा से शेष जिलों के प्रस्तावित अध्यक्षों की व प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों की सूची ली गई है। जिन जिलों में खींचतान की स्थिति थी, उनकी जिम्मेदारी भी डोटासरा को सौंपी है। ऐसे में प्रदेशाध्यक्ष ने प्रदेश पदाधिकारियों के नामों की सूची भी दी है। अब शेष ब्लॉक व मंडल अध्यक्षों की सूची भी तैयार कराई जा रही है।
बूथ सम्मेलन, राहुल गांधी और खरगे को निमंत्रण
एआईसीसी ने डोटासरा को एक से डेढ़ माह में बूथ सम्मेलन करने और ब्लॉक व मंडल अध्यक्षों की ट्रेनिंग का कार्यक्रम दिया है। प्रदेश कांग्रेस के 52 हजार बूथ अध्यक्ष हैं। इनका सम्मेलन जुलाई के तीसरे सप्ताह में हो सकता है। इसके लिए प्रदेशाध्यक्ष की ओर से राहुल गांधी और खरगे को निमंत्रण दिया है। डोटासरा का कहना है कि पार्टी की दिल्ली में हो रही बैठकें आगामी चुनाव की रणनीति तैयार करने की बैठकें हैं, जिनसे पार्टी मजबूत होगी।
0 टिप्पणियाँ