करौली ब्यूरो रिपोर्ट।  

ब्राह्मण समाज की ओर से रविवार को हिंडौन में परशुराम शोभायात्रा निकाली गई। जिसमें जगद्गुरु शंकराचार्य सहित कई संतों का समागम हुआ। महवा मार्ग से शुरू हुई शोभायात्रा नई मंडी, रेलवे ओवरब्रिज, बयाना मोड़, बयाना रोड होती हुई बनकी रोड पर राजीव गांधी आयुर्वेद कॉलेज पहुंची।

शहर में 50 से ज्यादा स्थानों पर शहरवासियों ने स्वागत द्वार लगाए। वहीं जगह-जगह कोल्ड ड्रिंक, शरबत पिलाकर स्वागत किया। शोभायात्रा में भगवान शिव, हनुमानजी, लक्ष्मीबाई, तांत्या टोपे, भगत सिंह, चन्द्र शेखर आजाद, दुर्गा माता की झांकी सजाई गई। 3 रथों पर 4 संत विराजमान रहे। एक रथ पर भगवान परशुराम जी की प्रतिमा विराजित हुई। इसके बाद बनकी रोड पर धर्म संसद कार्यक्रम में जगद्गुरु शंकराचार्य ने प्रवचन दिए।

इस कार्यक्रम में भरतपुर संभाग से ब्राह्मण समाज के लोगों ने भाग लिया। महिलाएं भी कार्यक्रम में शामिल रही।

धर्म संसद में ब्राह्मणों के गुणों के बारे में दी जानकारी

ब्राह्मण समाज की ओर से आयोजित शोभायात्रा के बाद बनकी रोड स्थित राजीव गांधी आयुर्वेदिक कॉलेज में धर्म संसद का कार्यक्रम हुआ। जिसमें जगतगुरु शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने ब्राह्मणों के गुणों के बारे में बताया कि ब्राह्मण का सबसे बड़ा बल तप बल है। ब्राह्मण वेद वेदांत का ज्ञान अर्जित करें तभी जीवन में सफलता हो सकती है। इस दौरान क्षेत्र के कई संत महात्मा भी मंचासीन नजर आए।