करौली ब्यूरो रिपोर्ट। 

हिंडौन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा की ओर से प्रदेश कांग्रेस कमेटी के 189 सदस्यों की सूची जारी की गई है। इसमें करौली, हिंडौन, टोडाभीम और सपोटरा से भी 8 कांग्रेस कार्यकर्ताओं को प्रदेश कांग्रेस कमेटी में सदस्य बनाया गया है। करौली विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक दर्शन सिंह गुर्जर और महेंद्र सूरौठिया प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य बनाए गए हैं। महेंद्र सूरौठिया वरिष्ठ कार्यकर्ता हैं। 25 साल से ज्यादा समय से कांग्रेस संगठन से जुड़े हुए हैं। सूरौठिया एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष रह चुके हैं। इसके अलावा कुछ दिनों पहले इन्हें झारखंड में संगठन चुनाव के लिए प्रभारी की जिम्मेदारी भी सौंपी गई थी।

दर्शन सिंह गुर्जर अभी राजस्थान पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास आयोग के उपाध्यक्ष हैं। इससे पहले वे प्रदेश कार्यकारिणी में रह चुके हैं करौली के विधायक रहे हैं। उत्तरप्रदेश के डीआरओ रह चुके हैं। करौली नगर पालिका के चेयरमैन भी रहे हैं। दर्शन सिंह गुर्जर ने बताया कि वे 20 साल से ज्यादा समय से कांग्रेस पार्टी से जुड़े हुए हैं। दर्शन सिंह को पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट का करीबी माना जाता है।

हिंडौनसिटी के महेंद्र पंडा, पवन पाराशर बने

हिंडौन सिटी के महेन्द्र पंडा और पवन पाराशर प्रदेश कांग्रेस कमेटी में सदस्य बनाए गए हैं। हिंडौन सिटी के शाहगंज निवासी महेन्द्र पंडा की उम्र 60 साल है। मावे के आड़तिया हैं। महेन्द्र पंडा ने बताया कि वे 35 साल से पार्टी से जुडे़ हुए हैं। ब्लॉक महामंत्री से लेकर कांग्रेस के कई पदों पर कार्य कर चुके हैं। उनकी पत्नी वर्तमान में पार्षद हैं। उन्होंने बताया कि डोटासरा की नजदीकी होने के कारण उन्हें सूची में जगह मिली है। इसी तरह शहर की चेतराम कॉलोनी निवासी 30 साल के पवन पाराशर 11 साल से कांग्रेस पार्टी से जुडे़ हुए हैं। वर्तमान में जयपुर में रहकर प्रॉपर्टी का कारोबार करते हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में विधि कांग्रेस प्रकोष्ठ में सदस्य हैं। इसके अलावा यूथ कांग्रेस व एनएसएसयूआई में कई पदों पर रह चुके हैं।

टोडाभीम से डॉ. भवि मीना, राघव मीना, बच्चालाल को लिया

टोडाभीम विधानसभा क्षेत्र के गांव सहजनपुर निवासी डॉ.भवि मीना को भी पीसीसी सदस्य बनाया गया है। वे 2015 से कांग्रेस संगठन से जुड़े हुए हैं और उन्हें मुख्यमंत्री गहलोत का करीबी माना जाता है। वे अतिरिक्त मुख्य संगठक राजस्थान प्रदेश कांग्रेस सेवादल, सचिव राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी, कांग्रेस पर्यवेक्षक पंचायत चुनाव, राजस्थान प्रदेश कांग्रेस एसटी सेल के महासचिव, उपाध्यक्ष प्रोटोकॉल कमेटी विधानसभा चुनाव, संगठन मंत्री, राजस्थान प्रदेश कांग्रेस, सेवा दल, एनएसयूआई के महामंत्री के पद पर कार्य कर चुके हैं। डॉ. भवि मीना पेशे से वकील हैं। पीसीसी सदस्य बने राघव मीना विधानसभा क्षेत्र के गांव खिरखड़ा निवासी हैं और पेशे से वकील हैं। एडवोकेट राघव मीना को पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट गुट का माना जाता है। इससे पूर्व राघव मीना उपाध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी, जिलाध्यक्ष- सहकारिता विभाग, जिला कांग्रेस कमेटी, पंचायत समिति सदस्य, पूर्व जिला परिषद सदस्य, चेयरमैन उपभोक्ता, होलसेल भण्डार, पूर्व अध्यक्ष बार एसोसिएशन, पूर्व महासचिव राजस्थान प्रदेश, एनएसयूआई सहित कांग्रेस के अग्रिम संगठनों में पदाधिकारी रह चुके हैं। विधानसभा क्षेत्र के गांव भोपुर निवासी बच्चालाल भी पीसीसी सदस्य बने हैं।​​​​​​​