अजमेर ब्यूरो रिपोर्ट।  

राजस्थान लोक सेवा आयोग की सुस्त रफ्तारी के चलते प्रदेश के सरकारी स्कूलों को फर्स्ट और सेकंड ग्रेड के 15760 टीचर्स नए सत्र में मिलना मुश्किल लग रहा है। कारण, फर्स्ट ग्रेड के 6000 पदों के लिए आरपीएससी अभी तक काउंसलिंग शुरू कर पाई है, जबकि सेकंड ग्रेड के 9760 पदों की अभी आंसर की ही जारी हुई है। प्रदेशभर में बेरोजगार इन भर्तियों के परिणाम को लेकर प्रतीक्षा कर रहे हैं।

राजस्थान सरकार ने पिछले वर्ष अप्रैल में शिक्षकों के 2 ग्रेड के लिए भर्तियां निकाली थीं। 5 अप्रैल 2022 को वरिष्ठ अध्यापक ग्रेड सेकंड के 9760 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया गया।

हिंदी व इंग्लिश सहित कुल 26 विषयों में शिक्षकों के भर्तियों के लिए यह प्रक्रिया शुरू की गई थी। आयोग ने इन पदों के लिए पिछले वर्ष 21 से 27 दिसंबर तक लिखित परीक्षा के आयोजन कर लिए। इस दौरान 24 दिसंबर को ग्रुप सी का जीके का पेपर लीक होने के कारण रद्द कर दिया गया था। इस पेपर को आयोग ने बाद में 29 जनवरी 2023 को आयोजित किया। आयोग ने प्रारंभ में मार्च में चार विषयों की आंसर की जारी की। इनमें संस्कृत, अंग्रेजी, हिंदी और सामाजिक विज्ञान के विषय शामिल थे। इन पर अभ्यर्थियों से आपत्ति ले ली गई है। बीच में करीब 2 महीने का अंतराल हो गया। इसके बाद आयोग ने 1 जून को उर्दू, पंजाबी, गणित और साइंस की उत्तर कुंजी जारी की।

फर्स्ट ग्रेड की काउंसलिंग इस माह शुरू की जा सकती है

आयोग द्वारा माध्यमिक शिक्षा विभाग में ही 6000 पदों पर शिक्षकों की भर्ती के लिए प्रक्रिया जारी है। 26 विषयों के लिए 11 से 21 अक्टूबर 2022 को लिखित परीक्षा हुई थी। आयोग ने पात्रता जांच के लिए अभ्यर्थियों की विचारित सूचियां जारी कर दी हैं। इसके बाद आयोग ने चित्रकला, सोशलॉजी और संगीत विषयों के अभ्यर्थियों की ऑनलाइन काउंसलिंग के लिए दस्तावेज मंगाए हैं। इसकी 5 जून अंतिम तिथि है। इन विषयों में कम संख्या को देखते हुए आयोग पात्रता की जांच ऑनलाइन कराएगा।