जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।  

जयपुर में 60 साल के डॉक्टर पर 45 साल की महिला केयर टेकर ने रेप का आरोप लगाया है। आरोप है कि खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश किया। उसके बाद केयर टेकर के साथ डॉक्टर ने रेप किया है। विरोध करने पर डॉक्टर ने महिला को रिवॉल्वर लगाकर धमकाया भी। कहा- लाश का भी पता नहीं चलने दूंगा। शनिवार को अशोक नगर थाने में इसकी FIR दर्ज की गई है।

SHO (अशोक नगर) विक्रम सिंह ने बताया- कोटा निवासी 45 साल की महिला ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। दिसम्बर-2022 में ऐड देखकर दिए गए मोबाइल नंबर पर कॉन्टैक्ट किया। कॉन्टैक्ट करने पर उसकी बात जयपुर में युधिष्ठिर मार्ग सी-स्कीम निवासी डॉ. शालभद्र (60) से हुई। बातचीत होने पर केयर टेकर के रूप में देखभाल करने की बात कही। डॉक्टर ने उसे मिलने अपने घर बुलाया।

जनवरी में महिला को काम पर रखा

14 जनवरी 2023 को वह मिलने के लिए डॉक्टर के जयपुर स्थित घर पहुंची। बातचीत में केयर टेकर रहकर काम करने के एवज में 20 हजार रुपए मंथली सैलरी और रहना-खाना फ्री होने की बात पर सहमति बनी। घर पर रहकर महिला डॉक्टर की देख-रेख करने लगी। आरोप है कि 2 फरवरी की रात को खाना खाकर सो गई। देर रात डॉक्टर ने उसके साथ बेहोशी की हालत में रेप किया। विरोध करने पर रिवॉल्वर निकालकर सिर पर लगा दी।

डॉ. शालभद्र ने महिला को खाने में नशीली चीज मिलाकर देने की कही। धमकाया- ज्यादा उठा-पटक की तो इसी रिवॉल्वर से भेजा उड़ा दूंगा। तेरी लाश का भी पता नहीं चलने दूंगा। अगले दिन उसे बताया कि तेरे बेटे के बैंक खाते में 6 लाख रुपए जमा करवा दिए हैं। जैसा चाहता हूं, वैसे ही साथ रहे। नहीं तो तेरी लाश का भी पता नहीं चलेगा।

महिला ने कोटा में केस दर्ज करवाया

11 फरवरी की रात को घर से भाग निकली। कोटा पहुंचकर डॉ. शालभद्र के खिलाफ कोटा के उद्योग नगर थाने में शिकायत दी। मामला जयपुर का होने के कारण जीरो नंबर FIR काट जयपुर के अशोक नगर थाने में भेजी गई।

SHO (अशोक नगर) विक्रम सिंह का कहना है कि दोनों के बयान दर्ज करने के बाद ही मामले के बारे में पता चल सकेगा। अभी सिर्फ कोटा के उद्योग नगर थाने से आई जीरो नंबर FIR दर्ज की गई है। FIR में आरोपी डॉक्टर के महिला को एडवोकेट के जरिए कोई नोटिस भेजने की भी बात कही गई है। जांच की जा रही है।