बीकानेर ब्यूरो रिपोर्ट।  

राजस्थानी भाषा, साहित्य एवं संस्कृति अकादमी, बीकानेर ने साहित्यकारों के अकादमी पुरस्कार और सम्मान की घोषणा कर दी है। अकादमी कार्यसमिति की बुधवार को होटल ढोला मारू सभागार में आयोजित बैठक में छंगाणी ने विभिन्न पुरस्कारों के निर्णायकों के प्रस्तावों के आधार पर पुरस्कार की जानकारी दी।

अकादमी अध्यक्ष ने बताया कि वर्ष 2022-23 के लिए 71 हजार रुपए का सूर्यमल्ल मीसण शिखर पुरस्कार (पद्य) बीकानेर के वरिष्ठ साहित्यकार मधु आचार्य "आशावादी" को उनकी पुस्तक ‘पीड़ आडी पाळ बाध’ पर दिया जा रहा है। इसके अलावा 51 हजार रुपए का गणेशीलाल व्यास उस्ताद पद्य पुरस्कार बारां के मूल निवासी व ठाणे के निवासी ओम नागर को उनकी पुस्तक ‘बापू : एक कवि की चितार’ पर, 51 हजार रुपए का शिवचंद भरतिया गद्य पुरस्कार बीकानेर के कमल रंगा को उनकी पुस्तक ‘आलोचना रै आभै सोळह कलावां’ पर व 51 हजार रुपए का मुरलीधर व्यास राजस्थानी कथा साहित्य पुरस्कार अलवर के डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी को उनकी पुस्तक ‘भरखमा’ पर दिया जाएगा।

वर्ष 2022-23 के लिए 31,000 रुपए का बावजी चतर सिंह अनुवाद पुरस्कार लूणकरणसर के राजूराम बिजारणियां को उनकी पुस्तक ‘झोकड़ी खावतो बगत’ पर, 31,000 रुपए का सांवर दइया पैली पोथी पुरस्कार भीलवाड़ा के मोहन पुरी को उनकी पुस्तक ‘अचपळी बातां’ पर, 31,000 रुपए का जवाहरलाल नेहरू राजस्थानी बाल साहित्य पुरस्कार रायसिंहनगर की किरण बादळ को उनकी पुस्तक ‘टाबरां री दुनियां’ पर, 31,000 रुपए का प्रेमजी प्रेम राजस्थानी युवा लेखन पुरस्कार लूणकरणसर के देवीलाल महिया को उनकी पुस्तक ‘अंतस रो ओळमो’ पर, 31,000 रुपए का राजस्थानी महिला लेखन पुरस्कार बीकानेर की डॉ. कृष्णा आचार्य को उनकी पुस्तक ‘नाहर सिरखी नारियां’ पर तथा 31,000 रुपए का रावत सारस्वत राजस्थानी साहित्यिक पत्रकारिता पुरस्कार ‘राजस्थली’ पत्रिका श्रीडूंगरगढ़ (सम्पादक- श्याम महर्षि) को दिया जाएगा।

वर्ष 2022-23 के लिए भतमाल जोशी महाविद्यालय पुरस्कार के तहत प्रथम स्थान प्राप्त राजकीय डूंगर महाविद्यालय बीकानेर के छात्र योगेश व्यास को उनकी कहानी ‘गैरी नींद’ पर 11 हजार रुपए का व द्वितीय स्थान प्राप्त जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय के छात्र व फालना निवासी अभिमन्यु सिंह इंदा को उनके व्यंग्य ‘थांरो-म्हारो भविष्य’ के लिए 7 हजार एक सौ रुपए का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। इसी प्रकार मनुज देपावत पुरस्कार के तहत प्रथम स्थान प्राप्त राजकीय सार्दुल उच्च माध्यमिक विद्यालय बीकानेर के छात्र अरमान नदीम को उनकी लघुकथा ‘खोखो नीं हटसी’ पर 7 हजार एक सौ रुपए का व द्वितीय स्थान प्राप्त इक्कीस एकेडमी फॉर ऐक्सीलेंस गोपल्याण की छात्रा व महाजन निवासी कल्पना रंगा को उनकी कहानी ‘कंवळै मन री डूंगी पीड़़’ पर 5 हजार एक सौ रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा।

अकादमी करेगा सम्मान

अध्यक्ष शिवराज छंगाणी ने बताया कि राजस्थानी भाषा सम्मान अजमेर के वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. चन्द्रप्रकाश देवल को, राजस्थानी साहित्य सम्मान जोधपुर के वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. अर्जुन देव चारण को, राजस्थानी संस्कृति सम्मान बीकानेर के ब्रजरतन जोशी को व राजस्थानी प्रवासी साहित्यकार सम्मान मुंबई के रामबक्स को प्रदान किया जाएगा। इन सभी को 51-51 हजार रुपए पुरस्कार के रूप में दिए जाएंगे।

14 साहित्यकारों को आगीवाण सम्मान

अकादमी का 31,000 रुपए प्रत्येक का आगीवाण सम्मान प्रदेश के 14 वरिष्ठ साहित्यकारों को प्रदान किया जाएगा। इनमें नंदकिशोर शर्मा (जैसलमेर), मेहरचंद धामू (परलीका, हनुमानगढ़), चांदकौर जोशी (जोधपुर), दीनदयाल ओझा (जैसलमेर), सोहनदान चारण (जोधपुर), भोगीलाल पाटीदार (डूंगरपुर), भंवरलाल भ्रमर (बीकानेर), गौरीशंकर भावुक (तालछापर, सुजानगढ़), पुरुषोत्तम पल्लव (उदयपुर), श्याम जांगिड़ (चिड़ावा, झुंझुनूं), गोपाल व्यास (बीकानेर), मुकट मणिराज (कोटा), बिशन मतवाला (बीकानेर), उपेन्द्र अणु (ऋषभदेव, उदयपुर) शामिल हैं। छंगाणी ने बताया कि चिकित्सकीय सहायता के तहत साहित्यकार गोरधन सिंह शेखावत (सीकर) व देवकर्ण सिंह (उदयपुर) को 11 हजार रुपए की चिकित्सकीय सहायता राशि दी जाएगी।