जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।  

राज्य सरकार ने राजस्थान के सभी नगरीय निकायों के मुखियाओं के मासिक भत्ते बढ़ा दिए हैं। नगर निगम में मेयर और नगर पालिका व नगर परिषद के अध्यक्षों के 20 फीसदी तक भत्ते बढ़ाए गए हैं। एक साल में ये दूसरा मौका है, जब सरकार ने निकाय प्रमुखों के भत्तों में इजाफा किया है। नई अधिसूचना के तहत अब नगर निगम में मेयर को 27,600 रुपए, नगर परिषद में अध्यक्ष को 16,560 रुपए और नगर पालिका में चेयरमैन को 10,350 रुपए मिलेंगे।

ये सरकार का चुनावी फैसला माना जा रहा है, क्योंकि निकाय प्रमुख के भत्तों को बढ़ाए अभी पूरा एक साल भी नहीं हुआ है। चुनाव का समय है। वर्तमान में 230 से ज्यादा नगरीय निकाय है। निकाय प्रमुख भी विधानसभा चुनाव में अहम भूमिका निभाते हैं।

अभी ये मिलते हैं भत्ते
वर्तमान में नगर निगम में मेयर को 24,000 रुपए, नगर परिषद में अध्यक्ष को 14,400 रुपए और नगर पालिका में चेयरमैन को 9,000 रुपए भत्ते के रूप में मिलते हैं।

पिछले साल भी बढ़ाए थे भत्ते
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की सरकार में ही नगरीय निकाय के प्रमुखों के भत्ते मई 2022 में बढ़े थे। तब राज्य सरकार ने 15 से लेकर 20 फीसदी तक भत्तों में इजाफा किया था। दरअसल, उस समय निकाय प्रमुखों ने भत्ते बढ़ाने की मांग की थी। इसके बाद मुख्यमंत्री ने पिछले साल अपने बजट में इसे बढ़ाने का ऐलान किया था।

एक महीने पहले ही बढ़ा था वार्ड पंच का भत्ता
करीब एक महीने पहले ही पंचायतीराज संस्थानों के जन प्रतिनिधियों के भत्ते और मानदेय में 15 प्रतिशत की बढ़ोतरी की घोषणा की थी। इसमें सरपंच को 720 रुपए प्रति महीने का फायदा मिला था। वहीं, जिला प्रमुख को 1800 रुपए एवं पंचायत समिति प्रधान को 1260 रुपए ज्यादा मिला था। बता दें कि जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य और वार्ड पंच को प्रति बैठक भत्ता देय होता है।