जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां और प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक लेकर संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा की, मिशन 2023 के आगामी कार्यक्रमों की योजना पर विस्तृत चर्चा की। जन आक्रोश सभाएं प्रदेश के 128 विधानसभा क्षेत्रों में हुई, 10 जनवरी तक सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों में होंगी। भाजपा प्रदेश मीडिया संयोजक पंकज जोशी ने बताया कि, भाजपा प्रदेश कार्यालय में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां और प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर ने प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक लेकर संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा की और आगामी कार्यक्रमों की योजना पर विस्तृत चर्चा कर दिशा-निर्देश दिए।प्रदेश पदाधिकारी बैठक में जनाक्रोश यात्रा एवं जन आक्रोश सभाओं की सफलता और कार्यक्रमों की समीक्षा की गई और आगामी दिनों में कांग्रेस सरकार के खिलाफ किसान कर्जमाफी, महिला सुरक्षा, पेपर लीक, गैंगस्टर और माफियाओं का बढ़ता आतंक इत्यादि प्रदेश के जनहित के मुद्दों को लेकर विधानसभा सत्र में राज्य सरकार को सदन एवं सदन के बाहर घेरने की तैयारियां की रणनीति पर मंथन किया गया। 16 दिसंबर से चल रही जन आक्रोश सभाएं प्रदेश के 128 विधानसभा क्षेत्रों में पूरी हो चुकी, जो 10 जनवरी तक सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों में होंगी। इससे पहले प्रथम चरण में प्रदेश में 1 दिसंबर से 14 दिसंबर तक चली जनाक्रोश यात्राओं में चौपाल और नुक्कड़ सभाएं 62111 हुई, प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से लगभग सवा दो करोड़ लोगों से संपर्क हुआ, 92 लाख आठ हजार से अधिक आरोप पत्र वितरित किए गए, 14 लाख 51 हजार जन समस्याएं एकत्रित हुई, पूरे प्रदेश में कुल रथयात्रा 1 लाख 15 हजार किलोमीटर चली। वहीं कांग्रेस सरकार की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ मिस्ड कॉल और जनसंपर्क अभियान जारी रहेगा। बैठक में प्रदेश महामंत्री मदन दिलावर, सुशील कटारा, भजनलाल शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष सीपी जोशी, हेमराज मीणा, मुकेश दाधीच, माधोराम चौधरी इत्यादि उपस्थित रहे।