श्रीगंगानगर ब्यूरो रिपोर्ट।  

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कांग्रेस के हाथ से जोड़ो हाथ अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि अभियान के जरिए कार्यकर्ताओं को लोगों तक पहुंचना है। लोगों को प्रदेश सरकार की योजनाओं के बारे में बताना है। चिरंजीवी जैसी योजनाएं कहीं नहीं मिलेंगीं। पार्टी के नेता राहुल गांधी ने जो वायदा जनता से किया था हमने उसे पूरा किया है। उन्होंने कहा कि हमने ने जनता को शानदार योजनाएं दी हैं। कांग्रेस के हाथ से जोड़ो हाथ कार्यक्रम से जुड़ी कार्यकर्ता सम्मेलन में शुक्रवार को सीएम अशोक गहलोत श्रीगंगानगर पहुंचे।

पंजाब के बराबर मिलेंगे गन्ने के दाम

गहलोत ने कहा कि किसानों को अभी राजस्थान में गन्ने के दाम पंजाब से कम मिल रहे हैं। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे शीघ्र ही किसानों को गन्ने के पंजाब के बराबर भाव दिलाएंगे। उन्होंने आम आदमी को सस्ता गैस सिलेंडर दिलाने का वायादा करते हुए कहा कि हमारा उद्देश्य आम आदमी तक लाभ पहुंचाना है।

केंद्र ने गिराई सरकारें

उन्होंने केंद्र सरकार पर कर्नाटक, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र की सरकारें गिराने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राजस्थान में भी ऐसी कोशिश की गई लेकिन निर्दलीय विधायकों ने उनका साथ दिया। इस कारण ही वे आज मुख्यमंत्री के रूप में आप सबके सामने हैं।

रंधावा बोले अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं

प्रदेश प्रभारी सुखजिंद्र सिंह रंधावा ने कहा कि कार्यकर्ताओं को कोई गिला-शिकवा है तो वह आपस में बैठकर बात करें। यदि किसी ने किसी अन्य मंच पर पार्टी की काेई बात उठाई तो उसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा, वे न तो अनुशासनहीनता बर्दाश्त करते हैं और नही खुद अनुशासन हीनता करते हैं।

केंद्र ने की वादाखिलाफी

प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी की योजनाओं के बारे में आमजन को बताएं। उन्होंने केंद्र सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र ने किसानों से किए वायदे पूरे नहीं किए हैं। प्रभारी मंत्री गोविंदराम मेघवाल ने कहा कि केंद्र सरकार ने हमेशा आम आदमी को नुकसान पहुंचाने का काम किया है। विधायक राजकुमार गौड़, जगदीश जांगिड़, गुरमीतसिंह कुन्नर, जिला प्रमुख कुलदीप इंदौरा सहित कई नेताओं ने कार्यक्रम को संबोधित किया।